Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नई दिल्ली, 26 मई (हि.स.)। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला गुरुवार (28 मई) को दिल्ली विधानसभा की त्रैमासिक पत्रिका ‘विधान-चेतना’ के प्रथम अंक तथा केंद्रीय विधानसभा (1924–1930) की कार्यवाहियों के 89 खंडों में प्रकाशित ऐतिहासिक संकलन का लोकार्पण करेंगे। इस अवसर पर संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होंगे। यह समारोह दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित किया जाएगा।
दिल्ली विधानसभा की तरफ से मंगलवार को जारी जानकारी के मुताबिक, समारोह में दिल्ली सरकार के विधायी कार्य मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, विधायक, दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रोफेसर उपस्थित रहेंगे। यह संयुक्त लोकार्पण शोधकर्ताओं, विधायकों एवं नागरिकों के लिए बौद्धिक महत्व रखता है। केंद्रीय विधानसभा (1924–1930) की कार्यवाहियों के 89 खंड स्वतंत्रता पूर्व भारत के शासन एवं संसदीय विमर्श के परिवर्तनकारी कालखंड का विस्तृत दस्तावेज प्रस्तुत करते हैं। इन अभिलेखों में तत्कालीन भारतीय जनप्रतिनिधियों के विचार-विमर्श, बहस एवं संवैधानिक दृष्टिकोण का महत्वपूर्ण संकलन सुरक्षित किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव