Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जांजगीर-चांपा, 26 मई (हि. स.)। जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में “पैसा डबल” करने का लालच देकर 18 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित जमीन खरीद-बिक्री में पार्टनरशिप और शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर लोगों को झांसा देता था।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपित की पहचान विरेन्द्र कुमार दिवाकर (38 वर्ष) निवासी कटौद थाना नवागढ़, हाल मुकाम पामगढ़ के रूप में हुई है। आरोपित पामगढ़ में इलेक्ट्रॉनिक दुकान संचालित करता है।
मामले में प्रार्थी कार्तिकेश्वर रात्रे निवासी ग्राम चेउडीह तहसील पामगढ़ ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपित ने उसे निवेश करने पर रकम दोगुनी होने का भरोसा दिलाया। आरोपित की बातों में आकर प्रार्थी ने फरवरी 2025 से अप्रैल 2025 के बीच ऑनलाइन और नगद मिलाकर करीब 18 लाख रुपये उसे दे दिए। रकम जुटाने के लिए प्रार्थी ने खेत तक गिरवी रख दिया और परिचितों से भी पैसे उधार लिए।
शिकायत के अनुसार आरोपित लगातार जमीन दिखाने और शेयर मार्केट में पैसा फंसे होने का बहाना बनाता रहा, लेकिन न तो रकम वापस की और न ही किसी तरह का लाभ दिया। मामले की शिकायत मिलने पर थाना पामगढ़ में आरोपित के खिलाफ धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप तथा एसडीओपी अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी के नेतृत्व में थाना प्रभारी सावन कुमार सारथी की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को पामगढ़ से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद आज उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सावन सारथी, उप निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू, आरक्षक बेदराम पटेल, विनोद मनहर एवं थाना पामगढ़ स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।पुलिस ने लोगों से अपील की है कि पैसा डबल करने या फर्जी निवेश योजनाओं के झांसे में न आएं तथा किसी भी निवेश से पहले पूरी जांच-पड़ताल जरूर करें।
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT