Enter your Email Address to subscribe to our newsletters



खड़गपुर, 26 मई (हि. स.)। भारतीय रेलवे द्वारा 15 मई से पांच जून तक चलाए जा रहे “विश्व पर्यावरण दिवस अभियान-2026” के तहत खड़गपुर रेल मंडल में पर्यावरण संरक्षण, यात्री सुविधा एवं जन-जागरूकता को लेकर विभिन्न कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को खड़गपुर स्टेशन पर भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के स्वयंसेवकों द्वारा विशेष जल सेवा कार्यक्रम संचालित किया गया।
भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच स्काउट्स एंड गाइड्स के सदस्यों ने स्टेशन पर आने-जाने वाले रेल यात्रियों को शीतल एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया। इस दौरान स्वयंसेवकों ने विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं एवं बच्चों को प्राथमिकता देते हुए उनकी सहायता की। साथ ही यात्रियों को सुरक्षित पेयजल उपयोग तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक भी किया गया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, आगामी दिनों में खड़गपुर मंडल के सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर इसी प्रकार के सेवा एवं जागरूकता कार्यक्रम भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के सहयोग से आयोजित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य भीषण गर्मी में यात्रियों को राहत प्रदान करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता को और अधिक सुदृढ़ करना है।
इसी क्रम में मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है। वॉटर कूलर, पेयजल इकाइयों एवं जल टंकियों की नियमित सफाई एवं रखरखाव सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि यात्रियों को निर्बाध रूप से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके।
पर्यावरण अभियान के तहत यात्रियों को सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है।
रेल प्रशासन द्वारा यात्रियों से अपील की जा रही है कि प्लास्टिक बोतलों को इधर-उधर न फेंके बल्कि स्टेशन परिसर में स्थापित बॉटल क्रशिंग मशीनों में ही फेंके, जिससे पुनर्चक्रण को बढ़ावा मिल सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता