रंगदारी, मारपीट और अवैध खनन के आरोप में मुखिया पति सहित तीन गिरफ्तार
पलामू, 26 मई (हि.स.)। पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के दमदमी स्थित स्पेरो माइंस में काम बंद कराने, ट्रकों को रोकने, रंगदारी मांगने और ट्रक चालक के साथ मारपीट करने के मामले में पुलिस ने मंगलवार को त्वरित कार्रवाई करते हुए मुखिया पति सहित तीन
गिरफ्तार मुखिया पति एवं अन्य


पलामू, 26 मई (हि.स.)। पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के दमदमी स्थित स्पेरो माइंस में काम बंद कराने, ट्रकों को रोकने, रंगदारी मांगने और ट्रक चालक के साथ मारपीट करने के मामले में पुलिस ने मंगलवार को त्वरित कार्रवाई करते हुए मुखिया पति सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटनास्थल से तीन मोटरसाइकिल भी जब्त की हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, माइंस प्रबंधन की ओर से हुसैनाबाद थाना में लिखित आवेदन देकर आरोप लगाया गया कि 10 से 12 की संख्या में पहुंचे कुछ असामाजिक तत्वों ने माइंस में कार्य बाधित कर दिया, ट्रकों का परिचालन रोक दिया तथा रंगदारी की मांग करते हुए चालक के साथ मारपीट की। आवेदन के आधार पर पुलिस ने सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर तत्काल कार्रवाई की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपिताें, अजय राजवंशी (मुखिया पति), मनीष कुमार और दीपक कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही घटनास्थल से तीन मोटरसाइकिलों को विधिवत जब्त किया गया।

हालांकि, मामले ने नया मोड़ तब ले लिया जब गिरफ्तार आरोपिताें की ओर से यह दावा किया गया कि दमदमी क्षेत्र में संचालित माइंस लंबे समय से कथित रूप से वैध सीटीओ (कंसेंट टू ऑपरेट) के बिना संचालित हो रहा है। आरोपिताें का कहना है कि उन्होंने पहले भी माइंस संचालन में अनियमितताओं को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों को शिकायत दी थी।

बताया गया कि मुखिया पति अजय राजवंशी ने पूर्व में पलामू उपायुक्त समेत संबंधित अधिकारियों को आवेदन देकर दमदमी क्षेत्र में कथित अवैध खनन और खनिज परिवहन की उच्चस्तरीय जांच की मांग की थी। आवेदन में आरोप लगाया गया था कि क्षेत्र के पत्थर खनन पट्टों का सीटीओ काफी समय से फेल है, बावजूद इसके उत्खनन और परिवहन जारी है। आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया था कि अन्य जगहों के वैध चालान का उपयोग कर दमदमी क्षेत्र से कथित अवैध खनिज परिवहन किया जा रहा है, जिससे सरकार को राजस्व नुकसान पहुंच रहा है तथा पर्यावरणीय नियमों का उल्लंघन हो रहा है।

शिकायतकर्ताओं ने प्रशासन से दमदमी क्षेत्र के सभी खनन पट्टों का भौतिक सत्यापन कराने, फेल सीटीओ वाले पट्टों को सील करने, संबंधित अधिकारियों की भूमिका की जांच कराने तथा अवैध खनन और परिवहन पर रोक लगाने की मांग की थी।

फिलहाल, पुलिस रंगदारी और मारपीट मामले में आगे की जांच कर रही है, वहीं माइंस संचालन को लेकर लगाए गए आरोपों पर प्रशासनिक स्तर पर क्या कार्रवाई होती है, इस पर क्षेत्र की नजर बनी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार