Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

धनबाद, 26 मई (हि.स.)। धनबाद सांसद ढुल्लू महतो मंगलवार को धनबाद मंडल कारा पहुंचे, जहां उन्होंने जेल में बंद आजसू नेत्री रजनी रवानी से मुलाकात की। मुलाकात के बाद सांसद ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि रजनी रवानी को झूठे हत्या के मुकदमे में फंसाया गया है।
सांसद ढुल्लू महतो ने कहा कि लोयाबाद थाना क्षेत्र के बांसजोड़ा में हुई घटना के बाद पुलिस ने उन लोगों पर कार्रवाई की, जो अपराधियों के खिलाफ आवाज उठा रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्दोष लोगों को हत्या के मामले में फंसाया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के धनबाद जिलाध्यक्ष श्रवण राय के नेतृत्व में धनबाद जेल पहुंचकर धनबाद जेल में बंद रजनी कुमार से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि बिना किसी दोष के निर्दोषों को हत्या के मामले में फंसा कर जेल में डाल दिया गया है। रजनी कुमारी का बस इतना ही दोष है कि उन्होंने कोयला चोरों के खिलाफ कार्रवाई के लिए आवेदन लेकर लोयाबाद थाना गई थी। आवेदन देने के बाद रजनी कुमारी को उनके ही घर मे घुसकर मारा पीटा गया, गोली किसी और ने चलाया और आरोप रजनी कुमार के मत्थे मढ़ दिया गया। साथ ही इनके समर्थकों को भी झूठे आरोप में फंसा दिया गया।
उन्होंने कहा कि इसमें कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष जलेश्वर महतो को जवाब देना चाहिए, जबकि उन्ही के समाज के लोग इस मामले में फंसे हुए हैं, उन्ही के लोगों को मारा गया है, लेकिन वे चुप हैं। अपराधी किस्म के लोगों का साथ देना कांग्रेस के फितरत में है। जलेश्वर महतो को बताना चाहिए कि ये लोग उनके आदमी हैं या नहीं। उन्होंने कहा कि जो गांव के लोगों के ऊपर ही गोलियां चला रहा है और गांव के लोगों को ही हत्या के मामले में फंसा रहा है। इसपर जलेश्वर महतो और कांग्रेस को जवाब देना चाहिए। यह कोई पहला मामला नहीं है, वहां यदि 50 बार गोलियां चली है तो हर बार उन्होंने दूसरे को फंसाया है।
सांसद ने कहा कि रजनी कुमार एक गांव की महिला है और धनबाद के इतिहास में कभी भी कोई गांव की महिला कभी वर्चस्व की लड़ाई नही लड़ती है, वह बस अपने अधिकार की लड़ाई के लिए आगे आई थी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन यदि इस मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करती है तो ठीक है, वरना यह मामला केंद्र तक भेजा जाएगा और इस मामले में सीबीआई जांच की मांग की जाएगी, क्योंकि ऐसी कई मामले सामने आ चुके है।
उन्होंने कहा कि धनबाद का लोयाबाद और बांसजोड़ा क्षेत्र आपराधिक राजनीति में पूर्व के पश्चिम बंगाल को भी फेल कर दिया है, लेकिन बंगाल की स्थिति इस चुनाव में क्या हुआ उसे सबने देखा, उसी प्रकार यहां भी होने वाला है, जैसे पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, उसके समर्थकों और उसके भतीजे का जो हाल हुआ, यहां भी वही हाल होगा।
उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों लोयाबाद थाना क्षेत्र में आजसू कार्यकर्ताओं और कांग्रेस नेताओं के बीच जमकर खूनी संघर्ष हुआ था, जिसमें कई लोग घायल हुए थे। इस दौरान लाठी-डंडे और गोलीबारी भी हुई थी, जिसमें एक व्यक्ति की मौत भी हो गई थी। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए आजसू नेत्री रजनी देवी सहित कई लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार झा