Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पलामू, 26 मई (हि.स.)। जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के रांची रोड स्थित गौरी शंकर मैरिज हॉल में मेदिनीनगर नगर निगम कांग्रेस कमिटी ने मंगलवार को प्रखंड संवाद सह एसआइआर प्रशिक्षण का आयोजन किया कार्यक्रम की अध्यक्षता मेदिनीनगर नगर अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार टिकैत ने की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह पलामू जिला प्रभारी विनय सिंह उर्फ दीपू और जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विमला कुमारी उपस्थित थे। उनके साथ झारखंड कांग्रेस के प्रदेश सचिव सह डालटनगंज विधानसभा प्रभारी रामचंद्र दीक्षित, नवल किशोर पाठक, बीएलए ट्रेनर मो गुलाम नबी, मौजूद रहे। प्रशिक्षण सत्र का संचालन गोपाल त्रिपाठी ने किया। समापन गोपाल शर्मा ने किया।
मौके पर पलामू जिला प्रभारी दीपू सिन्हा ने कार्यकर्ताओं को विशेष रूप से मतदाता सूची से संबंधित प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी। एसआइआर ट्रेनर मो गुलाम नबी ने प्रशिक्षकों ने बताया कि एसआईआर (स्पेशल इनटेंसिव रिविजन) के दौरान बीएलए को किस प्रकार सतर्क रहना है। छूटे हुए मतदाताओं को निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित आवश्यक दस्तावेजों के माध्यम से पुनः मतदाता सूची में जोड़ने में सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया गया।
इसके अतिरिक्त फॉर्म 06, 07, 08 और अन्य आवश्यक प्रपत्रों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। जिलाध्यक्ष विमला कुमारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों को बूथ स्तर तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे हर पंचायत और हर बूथ तक पहुंचकर आम लोगों से संवाद स्थापित करें और उन्हें पार्टी की विचारधारा और राज्य में चल रही महागठबंधन सरकार की उपलब्धियों से अवगत कराएं।
पलामू के विश्रामपुर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी सुधीर चंद्रवंशी ने कहा कि संगठन में बीएलए की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। चुनावों में जीत-हार काफी हद तक उनकी सक्रियता और कार्यशैली पर निर्भर करती है, इसलिए उन्हें सशक्त एवं प्रशिक्षित करना जरूरी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार