बकरीद को लेकर पुलिस ने मॉक ड्रिल कर भीड़ नियंत्रण का किया अभ्यास
धनबाद, 26 मई (हि.स.)। बकरीद पर्व को लेकर धनबाद पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को धनबाद पुलिस केंद्र में मॉक ड्रिल किया गया। इस दौरान पुलिस जवानों को भीड़ नियंत्रण
मॉक ड्रिल करती धनबाद पुलिस


धनबाद, 26 मई (हि.स.)। बकरीद पर्व को लेकर धनबाद पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को धनबाद पुलिस केंद्र में मॉक ड्रिल किया गया। इस दौरान पुलिस जवानों को भीड़ नियंत्रण, आपात स्थिति से निपटने और कानून व्यवस्था बनाए रखने का प्रशिक्षण दिया गया। मॉक ड्रिल में अलग-अलग परिस्थितियों का अभ्यास कराया गया, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति में पुलिस तत्परता से कार्रवाई कर सके।

धनबाद पुलिस केंद्र में आयोजित इस मॉक ड्रिल में पुलिस जवानों ने दंगा नियंत्रण, भीड़ को नियंत्रित करने और संवेदनशील हालात से निपटने का अभ्यास किया। जवानों को सुरक्षा उपकरणों के इस्तेमाल और त्वरित कार्रवाई की जानकारी भी दी गई।

मौके पर मौजूद सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने कहा कि बकरीद को लेकर जिले में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा रही है। सभी संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी और पुलिस लगातार अलर्ट रहेगी। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है।

सिटी एसपी ने आम लोगों से भी आपसी भाईचारा बनाए रखने और शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार झा