Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पलामू, 26 मई (हि.स.)। बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने मंगलवार को प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ समाहरणालय में बैठक की।
बैठक में पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग और आपसी समन्वय को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
उपायुक्त ने कहा कि वर्तमान दौर में सोशल मीडिया सबसे संवेदनशील माध्यम बन चुका है। फेक न्यूज, भ्रामक पोस्ट एवं आपत्तिजनक वीडियो तेजी से प्रसारित होते हैं, जिससे सामाजिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका बनी रहती है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को सोशल मीडिया पर सतत और पैनी नजर रखने का निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उपायुक्त ने समाज के बुद्धिजीवी वर्ग, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान सभी लोग ऑब्जर्वर की भूमिका निभाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा अफवाह की सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।
पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने कहा कि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 126 के तहत जिन लोगों को नोटिस निर्गत किया गया है, उनका तामिला संबंधित अनुमंडल पदाधिकारियों के समन्वय से सुनिश्चित किया जाएगा। जिले के सभी संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च का आयोजन किया जाएगा, ताकि आमजन में सुरक्षा एवं विश्वास का माहौल बना रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार