जुगसलाई गोलीबारी मामले में दो और आरोपित गिरफ्तार, हथियार और जिंदा कारतूस बरामद
पूर्वी सिंहभूम, 26 मई (हि.स.)। जुगसलाई थाना क्षेत्र के नगर परिषद बाजार स्थित यूनिक कलेक्शन कपड़ा दुकान पर हुई फायरिंग मामले में पुलिस ने दो और आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान सन्नी सिंह और सागर उपाध्याय के रूप में हुई है।
गिरफ्तार आरोपी की जानकारी देते सीटी एसपी ललित मीणा


पूर्वी सिंहभूम, 26 मई (हि.स.)। जुगसलाई थाना क्षेत्र के नगर परिषद बाजार स्थित यूनिक कलेक्शन कपड़ा दुकान पर हुई फायरिंग मामले में पुलिस ने दो और आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान सन्नी सिंह और सागर उपाध्याय के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के पास से एक देशी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

मंगलवार को नगर पुलिस अधीक्षक ललित मीणा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम लगातार छापेमारी अभियान चला रही थी। इसी दौरान दोनों अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने यूनिक कलेक्शन दुकान पर हुई फायरिंग की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।

पुलिस के अनुसार, आरोपित व्यवसायी को डराने, रंगदारी वसूलने और इलाके में अपना वर्चस्व कायम करने के उद्देश्य से दुकान पर पहुंचे थे। जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपित कुख्यात मनीष सिंह गिरोह से जुड़े हुए हैं और पहले भी कई आपराधिक गतिविधियों में शामिल रह चुके हैं।

पुलिस ने बताया कि सन्नी सिंह की निशानदेही पर एक देशी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। बरामद हथियारों को जांच के लिए भेजा गया है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इन हथियारों का उपयोग अन्य घटनाओं में भी हुआ है या नहीं।

उल्लेखनीय है कि 15 मई को पांच अज्ञात अपराधी एक कार से जुगसलाई स्थित यूनिक कलेक्शन दुकान पहुंचे थे। अपराधियों ने रंगदारी नहीं देने पर दुकान में फायरिंग कर इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश की थी। घटना के बाद जुगसलाई थाना में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।

इससे पहले पुलिस इस मामले में अभिषेक श्रीवास्तव, राहुल सिंह उर्फ बड़कू, हरप्रीत सिंह भामराह उर्फ हैप्पी, राहुल सिंह उर्फ गेटलू, बानेश्वर नामता उर्फ मानस और अंकित खटिक उर्फ अंकित सोनकर को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार, चार देशी पिस्टल, खोखा, जिंदा गोलियां और अन्य सामान भी बरामद किया था।

पुलिस का कहना है कि इस कांड में शामिल अन्य अपराधियों की तलाश अभी जारी है। साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले में और खुलासे हो सकते हैं।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक