Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पूर्वी सिंहभूम, 26 मई (हि.स.)। गोविंदपुर थाना क्षेत्र स्थित मनपीटा में मंगलवार को एक हादसे में 10 वर्षीय बच्चे की डूबने से मौत हो गई। घटना साई मंदिर के पीछे स्थित तालाब की है, जहां दोपहर के समय बच्चा नहाने के लिए गया था। मृतक की पहचान मनपीटा निवासी बहादूर मुंडा के पुत्र के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि बच्चा अपने दोस्तों के साथ तालाब में नहा रहा था। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी की ओर चला गया और डूबने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने बच्चे को बचाने का प्रयास किया और काफी मशक्कत के बाद उसे पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी हालत गंभीर हो चुकी थी।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ तालाब के पास जुट गई। परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में बच्चे को इलाज के लिए टेल्को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक