Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

यमुनानगर, 26 मई (हि.स.) यमुनानगर में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन ने व्यापक अभियान चलाते हुए कड़ी कार्रवाई की है। जिला उपायुक्त प्रीति ने कहा कि प्रशासन और खनन विभाग संयुक्त रूप से लगातार निगरानी कर रहे हैं तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार खनन गतिविधियों की उच्च स्तर पर निगरानी की जा रही है।
विभाग के महानिदेशक के.एम. पांडुरंग स्वयं पूरे अभियान की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बढ़ा दी है और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। जिला प्रशासन द्वारा 18 मई से 25 मई 2026 के बीच अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ चलाए गए अभियान के दौरान कुल 13 वाहनों को जब्त किया गया। इनमें पोकलेन मशीन और जेसीबी जैसी भारी मशीनरी भी शामिल है।
कार्रवाई के दौरान विभिन्न मामलों में चार वाहनों को निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद छोड़ा गया। प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार इस अवधि में कुल 12 लाख 90 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं अवैध खनन और परिवहन से जुड़े मामलों में 10 एफआईआर दर्ज की गई हैं। इसके अतिरिक्त बिना वैध आईएसटीपी दस्तावेजों के संचालित दो वाहनों पर 61 हजार 800 रुपये का आर्थिक दंड लगाया गया। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन पर्यावरण और राजस्व दोनों के लिए गंभीर चुनौती है, इसलिए इस तरह की गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार