एनएच-327 पर भीषण हादसा, ट्रैक्टर मालिक की मौत, ट्रक चालक व उपचालक गंभीर
पीपरीथान चौक के समीप हुआ हादसा, कई घंटे बाधित रहा यातायात
एनएच-327 पर भीषण हादसा, ट्रैक्टर मालिक की मौत, ट्रक चालक व उपचालक गंभीर


किशनगंज, 26 मई (हि.स.)। जिले के ठाकुरगंज प्रखंड अंतर्गत कुर्लीकोट थाना क्षेत्र में मंगलवार को एनएच-327 पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैक्टर मालिक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रक चालक और उपचालक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।

जानकारी के अनुसार मकई से लदा एक ट्रैक्टर ठाकुरगंज से गलगलिया स्थित मकई फैक्ट्री की ओर जा रहा था। पीपरीथान चौक के समीप ट्रैक्टर चालक वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर नीचे उतरा था। उसी दौरान ट्रैक्टर के पास खड़े वाहन मालिक राजू यादव को पीछे से आ रहे सोलर पैनल लदे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की चपेट में आने से ट्रैक्टर मालिक राजू यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया, जिससे चालक और उपचालक केबिन में फंस गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को ट्रक के केबिन से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

मृतक राजू यादव माणिकपुर गांव के निवासी बताए जाते हैं। उनके परिवार में दो पुत्र और चार पुत्रियां हैं। परिवार के मुखिया की अचानक मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दुर्घटना के बाद एनएच-327 पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही कुर्लीकोट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और ट्रैक्टर को हटवाकर यातायात बहाल कराया।

थानाध्यक्ष अभिषेक गुप्ता ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह