Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बनासकांठा, 26 मई (हि.स.)। जिले के पालनपुर से पति-पत्नी के रिश्ते को कलंकित करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया। एक पति ने अपनी पत्नी से छुटकारा पाने के लिए उसे कथित तौर पर ₹50 हजार में अपने दोस्तों को सौंप दिया। मामले को छिपाने के लिए आरोपित ने पत्नी के लापता होने की शिकायत भी दर्ज कराई, लेकिन पुलिस की तकनीकी जांच में पूरा षड्यंत्र उजागर हो गया।
जानकारी के अनुसार धानेरा के अनापुरगढ़ गांव का रहने वाला और वर्तमान में पालनपुर में रह रहा निकेश पटेल अपनी पत्नी के साथ नहीं रहना चाहता था। सामाजिक और पारिवारिक कारणों से तलाक मुश्किल लगने पर उसने पत्नी से छुटकारा पाने के लिए खौफनाक साजिश रची। 11 मई 2026 को उसने पालनपुर पश्चिम पुलिस थाने में पत्नी के गुम होने की शिकायत दर्ज कराई थी।
घटना के दो दिन बाद निकेश खुद भी लापता हो गया, जिसकी जानकारी उसके परिवार ने पुलिस को दी। एक ही परिवार के दो लोगों के अचानक गायब होने से पुलिस को शक हुआ और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में विशेष जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने निकेश पटेल को हिरासत में लिया। शुरुआत में वह पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करता रहा, लेकिन तकनीकी साक्ष्यों के सामने टिक नहीं सका और पूरी साजिश कबूल कर ली। इसके बाद पुलिस ने पीड़िता को भी सुरक्षित बरामद कर लिया।
पीड़िता की चौंकाने वाली आपबीती
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि मुख्य आरोपित निकेश पटेल ने अपने दोस्तों संजय ठाकोर, अशोक ठाकोर और सचिन ठाकोर के साथ मिलकर पहले से साजिश रची थी। आरोप है कि निकेश ने पत्नी को जान से मारने की धमकी दी और ₹50 हजार में अपने साथियों को सौंप दिया।
आरोपित पीड़िता को एक अज्ञात स्थान पर ले गए, जहां उसे सात दिनों तक बंधक बनाकर रखा। इस दौरान उसकी इच्छा के विरुद्ध दुष्कर्म किए जाने का आरोप है। साथ ही उसके कानों की सोने की बालियां भी लूट ली गईं और उन्हें दूसरी जगह बेच दिया गया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि इस साजिश में मदद के लिए आरोपितों ने डीसा की हिना ठाकोर और टीनाजी ठाकोर से भी संपर्क किया था।गिरफ्तार किए गए 7 आरोपितों के नाम
निकेश वनाभाई पटेल (मुख्य आरोपी - पति, पालनपुर)
स्वरूप अमरतभाई ठाकोर (थराद)
शैलेषकुमार उर्फ संजय हेमराजभाई ठाकोर (पालनपुर)
सचिन मंगलसिंह ठाकोर (पालनपुर)
अशोक ठाकोर (पालनपुर)
हिना टीनाजी ठाकोर (डीसा)
टीनाजी मथुरजी ठाकोर (डीसा)डीवाईएसपी जे.जे. गामीत के अनुसार मुख्य आरोपित निकेश पटेल एक आदतन अपराधी और विकृत मानसिकता वाला व्यक्ति है। उसके खिलाफ पहले भी पालनपुर पूर्व पुलिस स्टेशन में चोरी का मामला दर्ज हो चुका है।
पुलिस के मुताबिक शादीशुदा होने के बावजूद निकेश पहले भी अन्य समाज की दो युवतियों को बहला-फुसलाकर भगाकर ले गया था। पुलिस अब उसके पुराने रिकॉर्ड और आपराधिक गतिविधियों की भी गहराई से जांच कर रही है। फिलहाल इस मामले में सभी तकनीकी साक्ष्यों और पंचनामा सहित कानूनी कार्रवाई पालनपुर पश्चिम पुलिस स्टेशन में जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे