Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

गुरुग्राम, 26 मई (हि.स.)। यातायात पुलिस गुरुग्राम ने ऑटो-रिक्शा और टैक्सी चालकों के खिलाफ यूनिफॉर्म न पहनकर वाहन चलाने पर सख्त कार्रवाई की है। एक मई से 25 मई 2026 तक चलाए गए विशेष अभियान में कुल 1977 चालकों के चालान किए गए, जिनसे 14 लाख 82 हजार 500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। यातायात पुलिस के अनुसार शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर लगातार जागरुकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसके बावजूद कई ऑटो-रिक्शा और टैक्सी चालक निर्धारित ग्रे वर्दी के बिना वाहन चलाते पाए गए। नियमों का उल्लंघन करने पर उनके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालान की कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान पुलिस ने चालकों को यात्रियों के साथ मधुर व्यवहार करने, वाहन निर्धारित गति में चलाने, ड्राइविंग के दौरान मोबाइल का इस्तेमाल न करने, नशा न करने और यातायात नियमों की पालना करने की हिदायत दी। साथ ही आपात स्थिति के लिए डायल 112 और हेल्पलाइन नंबर 1095 की जानकारी भी दी गई। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि ऑटो-रिक्शा, ई-रिक्शा और टैक्सी चालकों के लिए निर्धारित ग्रे वर्दी पहनना अनिवार्य है। इससे यात्रियों को पहचान में आसानी होती है और सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत होती है। अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा और नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के विशेष अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे। पुलिस ने सभी चालकों से अपील की है कि वे वर्दी पहनकर वाहन चलाएं और अनावश्यक जुर्माने से बचें।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर