Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

भोपाल, 26 मई (हि.स.)। ईदुज्जुहा (बकरीद) के अवसर पर घोषित सार्वजनिक अवकाश को देखते हुए माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (एमसीयू) ने 28 मई 2026 को आयोजित होने वाली सभी परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा जारी संशोधित कार्यक्रम के अनुसार अब ये परीक्षाएं 7 जून 2026, रविवार को आयोजित की जाएंगी।
यह निर्णय विश्वविद्यालय परिसर सहित प्रदेशभर के उन सभी परीक्षा केंद्रों पर लागू होगा, जहां एमसीयू की परीक्षाएं संचालित हो रही हैं। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि छात्रों को नए प्रवेश पत्र जारी नहीं किए जाएंगे। परीक्षार्थी पूर्व में जारी एडमिट कार्ड के आधार पर ही परीक्षा में शामिल हो सकेंगे।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों और संबद्ध अध्ययन संस्थानों से अपील की है कि वे किसी भी भ्रम से बचने के लिए विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी संशोधित परीक्षा कार्यक्रम का अवलोकन अवश्य करें।
इधर, पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया के अंतर्गत आयोजित होने वाले साक्षात्कार कार्यक्रम में भी आंशिक संशोधन किया गया है। पहले 28 और 29 मई को प्रस्तावित इंटरव्यू अब 29 और 30 मई को होंगे। 29 मई के साक्षात्कार पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित किए जाएंगे, जबकि 28 मई को निर्धारित अभ्यर्थियों के इंटरव्यू अब 30 मई को लिए जाएंगे। विश्वविद्यालय के इस फैसले से हजारों विद्यार्थियों को राहत मिलेगी, जिन्हें सार्वजनिक अवकाश के कारण परीक्षा और साक्षात्कार में शामिल होने में कठिनाई का सामना करना पड़ सकता था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे