Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

लखीमपुर खीरी, 26 मई (हि.स.)। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पुलिस प्रशासन की छवि धूमिल करने और भड़काऊ पोस्ट के जरिए शांति व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ खीरी पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पुलिस के विरुद्ध लगातार असत्य, निराधार और अपमानजनक पोस्ट साझा कर लोक-शांति भंग करने के प्रयास में मैलानी थाना पुलिस ने एक ट्विटर यूजर के खिलाफ गंभीर धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसएसपी डॉ ख्याति गर्ग ने मंगलवार काे बताया कि एक्स (X) प्लेटफॉर्म पर सिद्धार्थ गौतम नाम के एक यूजर द्वारा अपने अकाउंट हैंडल (@Siddhar13704090) से पिछले कुछ दिनों से मैलानी और बांकेगंज पुलिस के खिलाफ लगातार भ्रामक प्रचार किया जा रहा था। उक्त यूजर ने पुलिस पर गुंडई करने और बिना वर्दी गांवों में जाकर लोगों को डराने व धमकी देने जैसे पूर्णतः झूठे आरोप लगाए थे। इतना ही नहीं, अभियुक्त द्वारा अपनी पोस्ट्स में हम भी पैंथर हैं और इतिहास रचा जाएगा जैसे उत्तेजक व अमर्यादित शब्दों का प्रयोग कर तथा उच्चाधिकारियों को टैग कर किसी विशेष वर्ग को पुलिस प्रशासन के विरुद्ध भड़काने का प्रयास किया जा रहा था, ताकि राजकीय कार्य में बाधा डाली जा सके और कानून-व्यवस्था को प्रभावित किया जा सके।
इस आपत्तिजनक और भ्रामक गतिविधि का संज्ञान लेते हुए मैलानी थाना पुलिस ने त्वरित एक्शन लिया है। पुलिस ने उक्त सोशल मीडिया यूजर के विरुद्ध विभिन्न गंभीर धाराओं और आईटी एक्ट (IT Act) के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, खीरी पुलिस ने आमजन से पुरजोर अपील की है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली किसी भी तरह की भ्रामक या अफवाहपूर्ण सूचनाओं पर बिल्कुल ध्यान न दें और बिना सत्यता जांचे किसी भी संवेदनशील पोस्ट को आगे फॉरवर्ड या शेयर न करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव