Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


सुपौल, 26 मई (हि.स.)। जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमराही बाजार में बाइक चोरी के मामले को लेकर पूछताछ करने पहुंचे एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया।
घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया। बाद में उसकी निशानदेही पर चोरी की गई बाइक भी बरामद कर ली गई। घटना सिमराही नगर पंचायत के पिपराही रोड स्थित मन्नु बाबा मंदिर के समीप हुई।
जानकारी के अनुसार, सिमराही वार्ड संख्या-5 निवासी मोहम्मद शाहिद की आरएक्स 100 बाइक सोमवार रात चोरी हो गई थी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में एक स्थानीय युवक के बाइक ले जाने का दावा किया गया।
इसके बाद मोहम्मद शाहिद के पुत्र 24 वर्षीय नवी हसन उर्फ गोलू कथित आरोपी के पास सीसीटीवी फुटेज लेकर पहुंचे और बाइक चोरी के संबंध में पूछताछ करने लगे। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई।
आरोप है कि विवाद के दौरान युवक ने अचानक चाकू निकालकर नवी हसन पर हमला कर दिया।हमले में नवी हसन गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके बाएं हाथ में गहरा जख्म आया है, जबकि शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें बताई जा रही हैं।
स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें रेफरल अस्पताल राघोपुर पहुंचाया गया, जहां डॉ. वीपीन तिवारी ने प्राथमिक उपचार किया। फिलहाल घायल युवक का इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही राघोपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को हिरासत में लेकर थाना ले आई। पकड़े गए युवक की पहचान सिमराही वार्ड संख्या-5 निवासी मोहम्मद मेहूदीन के 30 वर्षीय पुत्र मोहम्मद अफजल के रूप में हुई है।
थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि मामले में पीड़ित पक्ष से आवेदन प्राप्त हुआ है। पूछताछ और जांच के दौरान आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई मोटरसाइकिल को गढ़िया भपटियाही थाना क्षेत्र से बरामद कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र