नहाने के दाैरान गोमती नदी में डूबकर युवक की मौत
सुलतानपुर, 26 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर के चांदा कोतवाली क्षेत्र के शाहपुर जंगल स्थित गौरी शंकर धाम पर मंगलवार दोपहर गोमती नदी में नहाने गए एक युवक की डूबने से मौत हो गई। स्थानीय गोताखोरों ने युवक को बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल ले ज
सांकेतिक फोटो


सुलतानपुर, 26 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर के चांदा कोतवाली क्षेत्र के शाहपुर जंगल स्थित गौरी शंकर धाम पर मंगलवार दोपहर गोमती नदी में नहाने गए एक युवक की डूबने से मौत हो गई। स्थानीय गोताखोरों ने युवक को बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसी दौरान गोताखोरों ने नदी में डूब रहे एक बच्चे को भी सुरक्षित बचा लिया है।

मृतक की पहचान इंदौली निवासी आस मोहम्मद (21) के रूप में हुई है। वह अपने कुछ मित्रों के साथ गौरी शंकर धाम घूमने आया था। गर्मी से राहत पाने के लिए वह गोमती नदी में नहाने उतरा। उसका एक दोस्त नदी में वीडियो बना रहा था और डूबने लगा। आस मोहम्मद उसे बचाने के लिए गहरे पानी में चला गया और खुद डूब गया। घाट पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने शोर मचाया, जिसके बाद स्थानीय गोताखोर तुरंत नदी में कूद गए। उन्होंने आस मोहम्मद को नदी से बाहर निकाला। इसी बीच, एक बच्चा भी नदी में डूब रहा था। गोताखोरों ने तत्परता दिखाते हुए बच्चे को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बच्चे की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

सूचना मिलने पर चांदा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों को एंबुलेंस से सीएचसी चांदा भिजवाया। आस मोहम्मद को परिजन तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रतापपुर कमैचा ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

थाना प्रभारी अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि परिजनों से शव का पोस्टमार्टम कराने की बात कही, लेकिन परिजनों ने इनकार कर दिया और शव को अपने घर ले गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त