Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सोनीपत, 26 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री
नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई सोनीपत महानगरीय विकास प्राधिकरण की बैठक में
जिले और आसपास के क्षेत्रों के विकास से जुड़ी कई अहम परियोजनाओं को मंजूरी दी गई।
बैठक में मंत्री अनिल विज, अरविंद शर्मा, रणबीर गंगवा, विधायक निखिल मदान, देवेंद्र
कादयान, कृष्ण गहलावत और महापौर राजीव जैन मौजूद रहे।
बैठक
में अकबरपुर बारोटा में 90 एमएलडी क्षमता का सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट लगाने का फैसला
लिया गया। बड़वासनी से गोहाना रोड बाईपास होते हुए मुरथल रोड तक नहर आधारित पेयजल योजना
के लिए सर्वे कराने पर सहमति बनी। खरखौदा और सोनीपत डीसी कार्यालय में पीपीपी मोड पर
मल्टी लेवल पार्किंग बनाई जाएगी। मीमारपुर में करीब 16 करोड़ रुपये से घाट का सौंदर्यीकरण
किया जाएगा।
गीता भवन से बस अड्डे तक लगभग आठ करोड़ रुपये की लागत से नई ड्रेनेज लाइन
बिछेगी। गन्नौर में 77 करोड़ रुपये की लागत से पांच किलोमीटर लंबा बाईपास बनाया जाएगा।
शहर में पुलिस लाइन से बस अड्डे तक रेन वाटर लाइन की मरम्मत मशीन वाउंड स्पायरल माइनिंग
तकनीक से की जाएगी। मिशन चौक से कालूपुर चुंगी और सब्जी मंडी से बस अड्डे तक पुरानी
सीवर लाइन भी इसी तकनीक से दुरुस्त होगी। सभी जल संयंत्रों पर करीब 11 करोड़ रुपये
की लागत से सौर ऊर्जा संयंत्र लगाए जाएंगे।
नगर
निगम के निर्माणाधीन भवन के काम में देरी पर संबंधित समिति सदस्यों के खिलाफ कार्रवाई
के निर्देश दिए गए। सेक्टर-4 स्थित स्टेडियम में 27 करोड़ रुपये की लागत से बैडमिंटन,
क्रिकेट, पिकल बॉल, लॉन्ग टेनिस और आधुनिक पवेलियन जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
बैठक में लिंक सड़कें, बरसाती पानी निकासी, नई पेयजल लाइन, नए बस अड्डे और ड्रेन नंबर-6
के किनारों पर रिटेनिंग वॉल बनाने पर भी चर्चा हुई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना