Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

चित्तौड़गढ़, 25 मई (हि.स.)। उदयपुर रेंज में चल रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत गंगरार थाना पुलिस ने जिले की गत वर्षों की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एनएच-48 पर एक कंटेनर से 46 क्विंटल 25 किलो 810 ग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा बरामद किया है। मौके से कंटेनर का चालक फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्रसिंह यादव ने बताया कि सोमवार को गंगरार के कार्यवाहक थानाधिकारी आजाद पटेल के नेतृत्व में गंगरार पुलिस ने एनएच-48 पर संदिग्ध कंटेनर को डिटेन कर तलाशी ली। कंटेनर में ऊपर की तरफ मुरमुरे के कट्टे भरे थे। गहनता से जांच करने पर मुरमुरे की आड़ में पीछे रखे 231 प्लास्टिक के कट्टे मिले। वजन कराने पर उनमें 46 क्विंटल 25 किलो 810 ग्राम डोडा चूरा निकला। पकड़े गए माल का अनुमानित मूल्य साढ़े छह करोड़ से ज्यादा है।
कार्रवाई के दौरान कंटेनर चालक मौके का फायदा उठा कर फरार हो गया। पुलिस ने डोडा चूरा और कंटेनर जब्त कर गंगरार थाने में प्रकरण दर्ज किया है। चालक व अन्य संलिप्त लोगों की तलाश जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल