Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नगांव (असम), 25 मई, (हि.स.)। असम के लोकप्रिय गायक जुबीन गर्ग के प्रति श्रद्धा और प्रेम व्यक्त करते हुए नगांव जिले के पुरनीगोदाम के एक किशोर ने अपने हाथों से एक विशेष एकॉस्टिक गिटार तैयार किया है। बिना किसी पेशेवर अनुभव और सीमित संसाधनों के बावजूद तैयार किए गए इस गिटार को ‘जुबीन स्मृति गिटार’ के रूप में सराहा जा रहा है।
वरिष्ठ पत्रकार एवं साहित्यकार नीलरंजन शर्मा के पुत्र भवर्णव भारद्वाज ने घर पर ही इस गिटार का निर्माण किया। गिटार पर जुबीन गर्ग की तस्वीर के साथ उनके कुछ यादगार और प्रेरणादायक कथनों को भी उकेरा गया है।
नगांव टूरिस्ट लॉज में आयोजित एक आत्मीय कार्यक्रम के दौरान जुबीन गर्ग की पत्नी एवं समाजसेवी गरिमा सैकिया गर्ग सहित संगीत समूह ‘यंत्र’ के कलाकार राजा बरुवा, दिगंत शर्मा, पार्थ गोस्वामी और प्रियांकु बरदलै ने इस विशेष गिटार को हाथ में लेकर किशोर की प्रतिभा की सराहना की।
उल्लेखनीय है कि सुरभि सांस्कृतिक समूह के 33वें स्थापना दिवस के अवसर पर नगांव के लक्षीनगर चारिआली में आयोजित ‘बहागी उत्सव’ एवं जुबुन गर्ग स्मृति सांस्कृतिक संध्या में ‘यंत्र’ लाइव इन कॉन्सर्ट द्वारा प्रस्तुति दी गई थी। कार्यक्रम से पहले नगांव के जुबीन उद्यान में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में गरिमा सैकिया गर्ग और संगीतकारों ने दिवंगत कलाकार को श्रद्धांजलि अर्पित की।
बाद में टूरिस्ट लॉज में आयोजित विशेष मुलाकात के दौरान भवर्णव भारद्वाज ने स्वनिर्मित गिटार को ‘यंत्र’ समूह के कलाकारों को भेंट किया।
उल्लेखनीय है कि उदीयमान भवर्णव भारद्वाज पुरनीगोदाम संगीत विद्यालय से तबला विशारद की शिक्षा प्राप्त कर चुका है तथा चित्रकला का भी प्रशिक्षण ले रहे हैं। वह वर्तमान में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, मिसा कैंट में कक्षा 11 के छात्र हैं।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश