Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

भोपाल, 25 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के देवास जिले के टोंककला में स्थित पटाखा फैक्ट्री में 14 मई 2026 को हुई दुर्घटना की न्यायिक जाँच के लिए राज्य शासन ने उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति सुभाष काकड़े की अध्यक्षता में एकल सदस्य जांच आयोग नियुक्त किया गया है। इस संबंध में सोमवार को मध्य प्रदेश राजपत्र में अधिसूचना प्रकाशित की गईं है।
अधिसूचना के अनुसार, जाँच के बिन्दु अन्तर्गत दुर्घटना (विस्फोट/अग्निकांड) के कारणों की जाँच करना, दुर्घटना के संबंध में लापरवाही का परीक्षण तथा उत्तरदायित्व का निर्धारण, दुर्घटना के दौरान एवं दुर्घटना के उपरान्त अग्निशमन, बचाव, चिकित्सा सहायता एवं आपदा प्रबंधन व्यवस्थाओं की प्रभावशीलता का परीक्षण करना, फैक्ट्री में विस्फोटक सामग्री के निर्माण, भंडारण एवं उपयोग संबंधी निर्धारित सुरक्षा मानकों, लाइसेंस शर्तों एवं वैधानिक प्रावधानों के पालन की स्थिति एवं विस्फोटक अधिनियम, फैक्ट्री अधिनियम, श्रम सुरक्षा नियमों, अन्य संबंधित कानूनों के उल्लंघन का परीक्षण करना और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा उपायों, निरीक्षण प्रणाली और आपदा प्रबंधन एवं नियामक व्यवस्था में सुधार संबंधी अनुशंसाएँ देना शामिल है।
आयोग मध्य प्रदेश राजपत्र में अधिसूचना के प्रकाशन की तारीख से एक माह के भीतर अपनी जाँच पूरी करेगा और रिपोर्ट राज्य शासन को प्रस्तुत करेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर