Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नई दिल्ली, 25 मई (हि.स.)। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोमवार को कहा कि कोलकाता मेट्रो की ऑरेंज लाइन पर चिंगरीघाटा में 62 मीटर लंबे वायाडक्ट गैप को सफलतापूर्वक जोड़ दिया गया है। उन्होंने इसे परियोजना का एक महत्वपूर्ण चरण बताया।
रेल मंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर कहा कि यह कार्य काफी समय से लंबित था, क्योंकि अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सरकार ने यातायात डायवर्जन की अनुमति नहीं दी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उच्च न्यायालय और उच्चतम न्यायालय से परियोजना को मंजूरी मिलने के बावजूद काम आगे नहीं बढ़ सका था।
अश्विनी वैष्णव ने कहा कि लगातार दो सप्ताहांत के दौरान रात में ट्रैफिक ब्लॉकेड लगाकर यह कार्य पूरा किया गया। उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद व्यस्त चौराहे की सड़क निर्धारित समय से तीन घंटे पहले ही यातायात के लिए खोल दी गई।
कोलकाता मेट्रो की ऑरेंज लाइन को शहर की महत्वपूर्ण परिवहन परियोजनाओं में माना जा रहा है, जिससे यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार