सबसे दूर सबसे पहले अभियान के तहत हजारों आवेदनों का निष्पादन
खूंटी, 25 मई (हि.स.)। समेकित जनजाति विकास अभियान, खूंटी के अंतर्गत जनजातीय गरिमा उत्सव 2026 के तहत संचालित जन भागीदारी अभियान सबसे दूर सबसे पहले सप्ताह को लेकर सोमवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इस दौरान परि
सबसे दूर सबसे पहले अभियान के तहत हजारों आवेदनों का निष्पादन


खूंटी, 25 मई (हि.स.)। समेकित जनजाति विकास अभियान, खूंटी के अंतर्गत जनजातीय गरिमा उत्सव 2026 के तहत संचालित जन भागीदारी अभियान सबसे दूर सबसे पहले सप्ताह को लेकर सोमवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई।

इस दौरान परियोजना निदेशक आईटीडीए आलोक शिकारी कच्छप ने अभियान की विस्तृत जानकारी मीडिया प्रतिनिधियों के साथ साझा की।

उन्होंने बताया कि यह अभियान 19 मई से 25 मई तक जिलेभर में चलाया गया। अभियान के तहत 18 मई को जिला स्तरीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम के बाद जिले के 403 गांवों, जहां आदि सेवा केंद्र स्थापित हैं और विभिन्न पंचायतों में सैचुरेशन कैंप लगाए गए। इन कैंपों के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।

मौके पर बताया गया कि अभियान के दौरान जनप्रतिनिधियों, जिला और प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों और कर्मियों की सक्रिय भागीदारी से व्यापक प्रचार-प्रसार हुआ। इसके माध्यम से अनुसूचित जनजाति समुदाय के लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का कार्य किया गया। अब तक पांच हजार से अधिक आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है, जबकि शेष आवेदनों के निष्पादन की प्रक्रिया जारी है।

अभियान के तहत स्वास्थ्य सेवाओं पर भी विशेष जोर दिया गया। सिकल सेल, एनीमिया और टीबी जांच शिविर आयोजित किए गए। इसके साथ ही आधार कार्ड, राशन कार्ड, विभिन्न प्रमाण पत्र, प्रधानमंत्री किसान योजना, जनधन खाता, बीमा योजनाएं, पेंशन योजनाएं, मनरेगा जॉब कार्ड, मुद्रा लोन, उज्ज्वला गैस कनेक्शन, प्रधानमंत्री आवास योजना, अबुआ आवास योजना और अन्य कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन प्राप्त किए गए।

कच्छप ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जनजाति समुदाय के कल्याण को सुनिश्चित करते हुए सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

मौके पर जिला कल्याण पदाधिकारी प्रमोद राम सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा