अवैध लॉटरी और गेसिंग खेल का जाल, गरीब और मजदूर हो रहे बर्बाद
धनबाद, 25 मई (हि.स.)। कोयलांचल धनबाद में अवैध लॉटरी और गेसिंग खेल का कारोबार तेजी से फैलता जा रहा है। झरिया थाना क्षेत्र सहित जिले के कई इलाकों में खुलेआम लॉटरी टिकटों की बिक्री और गेसिंग खेल संचालित होने के आरोपों ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर
गेसिंग का नंबर लिखता संचालक और वहां मौजद अन्य


अवैध लॉटरी की सजी दुकान


धनबाद, 25 मई (हि.स.)। कोयलांचल धनबाद में अवैध लॉटरी और गेसिंग खेल का कारोबार तेजी से फैलता जा रहा है। झरिया थाना क्षेत्र सहित जिले के कई इलाकों में खुलेआम लॉटरी टिकटों की बिक्री और गेसिंग खेल संचालित होने के आरोपों ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। खासकर बनियाहिर स्थित अस्पताल के पास बने सामुदायिक केंद्र में बड़े पैमाने पर गेसिंग खेल चलाए जाने की चर्चा से स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है।

स्थानीय नागरिकों के अनुसार झरिया के विभिन्न इलाकों में मुख्य सड़कों के किनारे दुकानों, स्थायी काउंटरों और सार्वजनिक स्थलों पर खुलेआम लॉटरी टिकट बेचे जा रहे हैं। वहीं बनियाहिर स्थित सामुदायिक केंद्र में कथित रूप से रोज देर रात तक गेसिंग खेल का संचालन होता है, जहां बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुटती है। लोगों का आरोप है कि यहां पैसों का लेन-देन खुलेआम हो रहा है, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही।

ग्रामीणों का कहना है कि इस अवैध कारोबार का सबसे अधिक असर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है। रोज कमाने-खाने वाले मजदूर और छोटे कामगार जल्दी पैसे कमाने के लालच में अपनी मेहनत की कमाई गंवा रहे हैं। इसके कारण कई परिवार आर्थिक संकट और कर्ज के बोझ तले दबते जा रहे हैं।

स्थानीय लोगों ने बताया कि इस मुद्दे को लेकर पहले भी कई बार विरोध प्रदर्शन और शिकायतें की गईं, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। लोगों का आरोप है कि पुलिस और प्रशासन को सूचना देने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से अवैध कारोबारियों का मनोबल बढ़ता जा रहा है। यही वजह है कि अब कई लोग खुलकर शिकायत करने से भी डरने लगे हैं।

सूत्रों के मुताबिक अवैध लॉटरी और गेसिंग का यह कारोबार एक संगठित नेटवर्क के जरिए संचालित किया जा रहा है। हाल के महीनों में कथित तौर पर गुप्त बैठकों के माध्यम से जिले के अलग-अलग इलाकों में अवैध लॉटरी सप्लाई और संचालन की जिम्मेदारियां बांटी गई हैं।

सामाजिक कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन और पुलिस से अवैध लॉटरी और गेसिंग खेल के खिलाफ विशेष अभियान चलाने, नियमित छापेमारी करने और इस धंधे से जुड़े लोगों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थलों और सामुदायिक केंद्रों का उपयोग सामाजिक कार्यों के लिए होना चाहिए, न कि कथित अवैध गतिविधियों के लिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार झा