धनबाद में 400 बोतल अवैध शराब जब्त, तस्कर गिरफ्तार
धनबाद, 25 मई (हि.स.)। पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्वी टुंडी थाना क्षेत्र से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब की खेप को बिहार ले जा रहे एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। तस्कर ऑटो रिक्शा की सीट क
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दृश्य


धनबाद, 25 मई (हि.स.)। पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्वी टुंडी थाना क्षेत्र से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब की खेप को बिहार ले जा रहे एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। तस्कर ऑटो रिक्शा की सीट के नीचे शराब छिपाकर ले जा रहा था।

पुलिस ने 400 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब, ऑटो रिक्शा और मोबाइल फोन जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपित बिहार के बेगूसराय जिले का रहने वाला बताया जा रहा है। सोमवार को मामले की जानकारी धनबाद मुख्यालय डीएसपी-2 मोहम्मद नजीर अख्तर ने प्रेसवार्ता कर दी।

डीएसपी मोहम्मद नजीर अख्तर ने बताया कि रविवार को पूर्वी टुंडी थाना क्षेत्र के बड़बाद जंगल मेन रोड के पास वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान गोविंदपुर की ओर से आ रहे एक सवारी ऑटो को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही चालक ऑटो छोड़कर भागने लगा।

मौके पर मौजूद पुलिस बल ने पीछा कर उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान ऑटो की सीट के नीचे शातिर तरीके से छिपाकर रखी गई 400 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि वह शराब की खेप को झारखंड से बिहार ले जाकर बेचने वाला था।

गिरफ्तार आरोपित की पहचान 37 वर्षीय ललन कुमार के रूप में हुई है, जो बिहार के बेगूसराय जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र का निवासी है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ पूर्वी टुंडी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार झा