Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सूरजपुर, 25 मई (हि.स.)। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर रेना जमील की अध्यक्षता में आज सोमवार को समय-सीमा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में एग्री स्टैक परियोजना, खरीफ सीजन की तैयारी, खाद-बीज वितरण व्यवस्था, पेट्रोल-डीजल आपूर्ति और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की गई।
बैठक में कलेक्टर ने एग्री स्टैक परियोजना के तहत फार्मर रजिस्ट्री अभियान को 15 जून से पहले मिशन मोड में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी पात्र किसानों का पंजीयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी किसान शासन की योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
कलेक्टर रेना जमील ने किसानों से अपील की कि वे जल्द से जल्द फार्मर रजिस्ट्री कराएं। उन्होंने बताया कि एग्री स्टैक के तहत किसानों को एक विशेष फार्मर आईडी मिलेगी, जिससे पीएम किसान सम्मान निधि, फसल बीमा, समर्थन मूल्य पर उपज विक्रय, कृषि ऋण और अनुदान जैसी योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा।
उन्होंने अधिकारियों को पंचायतवार लंबित पंजीयन सूची तैयार कर नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। बैठक में खरीफ वर्ष 2026 के लिए खाद और बीज वितरण व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने गुणवत्तायुक्त उर्वरक की उपलब्धता सुनिश्चित करने, कालाबाजारी रोकने और वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए।
मृदा परीक्षण के आधार पर संतुलित उर्वरक उपयोग, सॉइल हेल्थ कार्ड की जानकारी तथा जैविक खेती को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया। साथ ही खाद की जमाखोरी और अनियमितताओं पर निगरानी रखने तथा औचक निरीक्षण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।
बैठक में पेट्रोल-डीजल और एलपीजी गैस की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए सभी एसडीएम को नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण और पीएम सूर्यघर योजना सहित अन्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर पात्र हितग्राहियों तक समय पर लाभ पहुंचाने को कहा गया।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले, अपर कलेक्टर जगरन्नाथ वर्मा, डिप्टी कलेक्टर रमेश मोर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय