दामोदर नदी में नहाने उतरे छात्र की डूबने से मौत
परिवार में पसरा मातम
दामोदर नदी में नहाने उतरे छात्र की डूबने से मौत


दुर्गापुर, 25 मई (हि.स.)।

दुर्गापुर मे सोमवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। दोस्तों के साथ नहाने गया 15 वर्षीय छात्र गहरे पानी में डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान आयुष शर्मा के रूप में हुई है, जो कोक ओवन थाना क्षेत्र के सिनेमा हॉल रोड का निवासी था और बिधाननगर के एक निजी स्कूल में आठवीं कक्षा का छात्र था।

मिली जानकारी के अनुसार, आयुष अपने दो दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया था। शुरुआत में सभी उथले पानी में थे, लेकिन कुछ देर बाद आयुष गहरे हिस्से में चला गया। तैरना ठीक से नहीं आने के कारण वह संतुलन खो बैठा और डूबने लगा। दोस्तों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन गहराई और तेज बहाव के कारण सफल नहीं हो सके।

दोस्तों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत तलाश शुरू की। सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। काफी देर तक चले संयुक्त रेस्क्यू अभियान के बाद आयुष को बाहर निकाला गया और उसे दुर्गापुर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की खबर मिलते ही अस्पताल में परिजनों की भीड़ उमड़ पड़ी। इकलौते बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मां-पिता का रो-रोकर बुरा हाल था, वहीं वहां मौजूद लोग भी इस दृश्य को देखकर भावुक हो उठे।

स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी के मौसम में बड़ी संख्या में बच्चे और युवा नदी में नहाने पहुंचते हैं, जबकि कई स्थानों पर गहराई बेहद खतरनाक है। लोगों ने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और प्रारंभिक तौर पर इसे दुर्घटना माना जा रहा है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि बच्चों को अकेले नदी या गहरे जलाशयों में न जाने दें और सतर्कता बरतें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा