Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

डायमंड हार्बर, 25 मई (हि. स.)। राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद राजनीतिक हलकों में लगातार हलचल देखने को मिल रही है। इसी क्रम में अब डायमंड हार्बर नगरपालिका के 16 वार्डों में से नौ तृणमूल कांग्रेस पार्षदों ने चेयरमैन प्रणब दास को अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।व्यक्तिगत रूप से इस्तीफा सौंपने वालों में वार्ड नंबर एक के पार्षद दिव्येंदु हलदार, वार्ड नंबर दो की पार्षद मंजू मंडल, वार्ड नंबर सात के पार्षद तमाल हलदार, वार्ड नंबर नौ के पार्षद स्वपन हलदार, वार्ड नंबर 11 के पार्षद आलोक हलदार, वार्ड नंबर 13 के पार्षद अमित साहा, वार्ड नंबर आठ के पार्षद मृदुल हलदार और वार्ड नंबर 16 की पार्षद देवकी हलदार शामिल हैं।
पहले ये पार्षद अपना इस्तीफा उपमंडलाधिकारी (एसडीओ) को सौंपने पहुंचे थे, लेकिन उन्हें बताया गया कि नियमानुसार इस्तीफा नगरपालिका के चेयरमैन को ही देना होगा। इसके बाद आठ पार्षदों ने सीधे नगरपालिका चेयरमैन प्रणब दास से मुलाकात कर अपना इस्तीफा सौंप दिया। वहीं एक अन्य पार्षद ने व्यक्तिगत रूप से उपस्थित नहीं होने के कारण सोमवार को ई-मेल के माध्यम से अपना इस्तीफा भेजा।
इस्तीफा देने वाले पार्षदों का कहना है कि उन्होंने डायमंड हार्बर नगरपालिका में भ्रष्टाचार रोकने और क्षेत्र के विकास के हित में यह कदम उठाया है।
पार्षदों ने आरोप लगाया कि नगरपालिका के वाइस चेयरमैन राजर्षि दास लंबे समय से सत्ता का दुरुपयोग और बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार कर रहे थे। उनका यह भी आरोप है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने वाले पार्षदों को धमकाया गया, मारपीट की गई और पुलिस के जरिए परेशान किया गया।
इस्तीफा देने वाले पार्षदों का दावा है कि नगरपालिका की चार सौ करोड़ रुपये की परियोजना में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ बोलने के कारण उन्हें लगातार प्रताड़ना झेलनी पड़ी।
उनका कहना है कि राज्य में नई सरकार द्वारा भ्रष्टाचारमुक्त प्रशासन का आह्वान किए जाने के बाद उन्होंने जनता और क्षेत्र के हित में इस्तीफा देने का फैसला किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय