Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नोएडा, 25 मई (हि.स.)। पुलिसकर्मी को लिफ्ट देकर उसके साथ मारपीट कर नकदी, मोबाइल फोन और कीमती सामान लूटने वाले एक बदमाश को थाना दादरी पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान सोमवार की देर रात को गिरफ्तार किया है। इसके पास से पुलिस ने देशी तमंचा, घटना में प्रयुक्त कार आदि बरामद किया है। इसके दो साथी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
पुलिस उपायुक्त जोन तृतीय डॉक्टर प्रवीन रंजन सिंह ने बताया कि अनुज कुमार पुत्र रामपाल सिंह ने 21 मई को थाना दादरी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह जनपद मथुरा के यमुना पार थाना में रिक्रूट आरक्षी के रूप में तैनात हैं। पीड़ित के अनुसार वह जनपद अमरोहा के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि पीड़ित ने पुलिस को बताया कि 20 मई की रात को वह थाना यमुना पार से एक दिवस की अवकाश लेकर अमरोहा स्थित अपने घर जा रहे थे। वह दिल्ली होते हुए सेक्टर 62 पहुंचे। वहां से अमरोहा जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहे थे। तभी एक कार में सवार होकर कुछ लोग आए।
उन्होंने पूछा कि तुम्हें कहां जाना है। तो उन्होंने कहा कि मुझे जोया जाना है। उन लोगों ने उन्हें कार में लिफ्ट दिया तथा उनके साथ मारपीट करके उन्हें बंधक बना लिया। आरोपियों ने उन्हें बोड़ाकी गांव के पास चलती कार से फेंक दिया, तथा उनका मोबाइल फोन, पर्स, एटीएम, नकदी, बैग आदि लूटकर भाग गए।
उन्होंने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच कर रही थाना दादरी पुलिस ने सोमवार की देर रात को एक सूचना के आधार पर इस घटना को कारित करने वाले रंजीत कुमार पुत्र रामसेवक निवासी जनपद एटा को चिटैहरा गांव के पास से पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि इसके पास से पुलिस ने एक देशी तमंचा ,घटना में प्रयुक्त कार बरामद किया है। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा चलाई गई गोली लगने से बदमाश घायल हो गया है। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उन्होंने बताया कि इसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी