तेज रफ्तार स्कॉर्पियो का कहर, बाइक और ट्रैक्टर को मारी टक्कर; आठ लोग घायल
बाइक को चपेट में लेते हुए ट्रैक्टर को मारी टक्कर, आठ घायल
स्कॉर्पियो ने पहले बाइक  और इसके बाद  ट्रैक्टर में जा भिड़ी


राजगढ़, 21 मई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के जीरापुर थाना क्षेत्र के ग्राम सेंदली जोड़ पर गुरुवार दोपहर कालीसिंध नदी के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन ने दिल दहला देने वाला हादसा कर दिया। स्कॉर्पियो ने पहले बाइक सवार दंपत्ति को जोरदार टक्कर मारी और इसके बाद अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे ट्रैक्टर में जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर दो हिस्सों में टूटकर बिखर गया। हादसे में स्कॉर्पियो में सवार दूल्हे सहित आठ लोग घायल हो गए, जबकि ट्रैक्टर चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कॉर्पियो जीरापुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही थी। सेंदली जोड़ के पास अचानक उसने बाइक को चपेट में ले लिया, जिससे बाइक सवार पति-पत्नी सड़क पर गिरकर घायल हो गए। इसके बाद वाहन बेकाबू होकर सुसनेर दिशा से आ रहे ट्रैक्टर में जा टकराया,जिससे ट्रैक्टर बीच से दो हिस्सों में बिखर गया और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़ पड़े और निजी वाहनों से घायलों को सुसनेर अस्पताल पहुंचाया।

सूचना मिलते ही जीरापुर और सुसनेर थाना पुलिस व एंबुलेंस भी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी घायलों को अस्पताल भेजा जा चुका था। स्कॉर्पियो शादी समारोह में जा रही थी, जिसमें दूल्हा और उसके परिजन मौजूद थे। घायल बाइक सवार युवक का ससुराल मोड़ी गांव में बताया गया है। शुरुआती जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही माना जा रहा है। गंभीर रूप से घायल ट्रैक्टर चालक को आगर रेफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक