Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बुजुर्ग को बचाने के प्रयास में फिसली माेटरसाइकिल, पिकअप की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत
धमतरी, 21 मई (हि.स.)। गौरव ग्राम मेघा में गुरुवार को हुए सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। एक युवक की पिकअप वाहन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक सामने आ रहे एक बुजुर्ग को बचाने की कोशिश कर रहा था, तभी उसकी माेटरसाइकिल अनियंत्रित होकर फिसल गई।
मिली जानकारी के अनुसार मगरलोड ब्लाॅक के ग्राम अमलीडीह निवासी 24 वर्षीय यशवंत निषाद मोटरसाइकिल से कुरूद की ओर जा रहा था। इसी दौरान मेघा गांव के पास अचानक एक बुजुर्ग व्यक्ति सड़क पर आ गया। युवक ने उसे बचाने के लिए अचानक ब्रेक लगाया, लेकिन सड़क पर फैली धूल और रेत के कारण मोटरसाइकिल फिसल गई। इसी दौरान पीछे से आ रही पिकअप वाहन का पिछला चक्का युवक के ऊपर चढ़ गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मगरलोड पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि पिकअप वाहन मेघा के एक हार्डवेयर व्यवसायी का है। पुलिस ने मर्ग कायम कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।
खड़ी ट्रैक्टर से टकराई मोटरसाइकिल, युवक की मौत
मगरलोड क्षेत्र में दूसरी दर्दनाक दुर्घटना बुधवार की रात मेघा-छिपली मार्ग पर हुई, जहां खड़ी ट्रैक्टर से बाइक टकराने पर एक युवक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार छिपली निवासी 32 वर्षीय लोकेश्वर यादव पिता रोशन यादव अपने बड़े पिताजी के पुत्र खेमलाल यादव के साथ सेन्हाभाठा स्थित राइस मिल में हमाली कार्य करने गया था। रात लगभग साढ़े नौ बजे काम से लौटते समय गुप्ता राइस मिल के पास उनकी बाइक सड़क किनारे बंद खड़े ट्रैक्टर से जा टकराई। मोटरसाइकिल लोकेश्वर यादव चला रहा था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि लोकेश्वर यादव के सिर और छाती में गंभीर चोटें आईं। घायल अवस्था में उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मगरलोड ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा