Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

भुवनेश्वर, 21 मई (हि.स.)। ओडिशा सरकार के आवास एवं शहरी विकास विभाग ने 30 मई 2026 को विशेष अपीलीय कैंप कोर्ट आयोजित करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में विभाग की ओर से आधिकारिक आदेश जारी किया गया है। कैंप कोर्ट का आयोजन शनिवार, 30 मई को अपराह्न 3 बजे भुवनेश्वर स्थित उन्नति भवन में किया जाएगा।
यह विशेष कैंप कोर्ट भुवनेश्वर विकास प्राधिकरण (बीडीए) और भुवनेश्वर नगर निगम (बीएमसी) द्वारा जारी आदेशों से संबंधित अपील मामलों की सुनवाई और उनके त्वरित निस्तारण के लिए आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य लंबित अपील मामलों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करना और नागरिकों को प्रभावी न्यायिक राहत प्रदान करना है।
मामलों के त्वरित एवं प्रभावी निपटारे के लिए विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारियों को अपीलीय प्राधिकारी नियुक्त किया गया है। इनमें अतिरिक्त मुख्य सचिव उषा पाढी, नगर प्रशासन निदेशक अरिंदम डाकुआ, विशेष सचिव गंगाधर नायक, तथा अतिरिक्त सचिव सौरिंद्र राउत्राय, बिनय कुमार दास, रवीन्द्र कुमार साहू, साहदेव सामुडिया, शुभानंद मोहापात्र और शत्रुघ्न कर शामिल हैं।
कैंप कोर्ट की कार्यवाही को सुचारु और प्रभावी बनाने के लिए प्रत्येक अपीलीय प्राधिकारी के साथ संबंधित अधिकारियों और सहायक कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है। ये अधिकारी मामले से जुड़े दस्तावेजों के प्रबंधन, सुनवाई की तैयारी और अन्य प्रशासनिक कार्यों में सहयोग करेंगे।
विभाग ने सहायक अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे कैंप कोर्ट से पूर्व टाउन प्लानिंग (टीपी) अनुभाग से संबंधित सभी अभिलेख एवं दस्तावेज एकत्र कर लें, ताकि मामलों की समुचित तैयारी सुनिश्चित की जा सके और सुनवाई के दौरान अपीलों का समयबद्ध निस्तारण किया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता महंतो