Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता
भाेपाल, 21 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी एवं जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर गुरुवार काे प्रदेश कांग्रेस कार्यालय भोपाल में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने राजीव गांधी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद अशोक सिंह, संगठन उपाध्यक्ष सुखदेव पांसे, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव सिंह, जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन, सेवादल, एनएसयूआई एवं युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जीतू पटवारी ने कहा कि देश में सामाजिक सौहार्द और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाए रखने की आवश्यकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण अर्थव्यवस्था, शिक्षा व्यवस्था और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करने, सामाजिक एकता बनाए रखने और देश को जोड़ने की राजनीति करती रही है। पीसीसी चीफ पटवारी ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने तकनीकी और संचार क्रांति के माध्यम से आधुनिक भारत की मजबूत नींव रखने का कार्य किया। कार्यक्रम के दौरान नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के आदर्शों पर चलने तथा लोकतंत्र, संविधान और भाईचारे की भावना को मजबूत बनाए रखने का संकल्प भी लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे