Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नई दिल्ली, 21 मई (हि.स.)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने नीट-यूजी प्रश्नपत्र लीक मामले में राजस्थान कांग्रेस द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन के दौरान वाटर कैनन से भीड़ को तितर-बितर करने पर कहा कि जब तक सरकार शिक्षा मंत्री को पद से नहीं हटाती तब तक कांग्रेस रुकेगी नहीं। ऐसे बल प्रयोग से वह लोग डरने वाले नहीं हैं।
राहुल गांधी ने गुरुवार को राजस्थान कांग्रेस के प्रदर्शन करते कार्यकर्ताओं को वाटर कैनन से पुलिस द्वारा हटाए जाने से जुड़े के पोस्ट को रिपोस्ट करते हुए सरकार पर लाखों छात्रों का भविष्य बर्बाद करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जब विदेश यात्रा पर थे, तब देश के युवा सड़कों पर उतर कर न्याय मांग रहे थे। नीट यूजी प्रश्नपत्र लीक ने देश के लाखों युवाओं का भविष्य बर्बाद कर दिया। इसके चलते कई छात्रों ने अपनी जान तक गंवा दी। इसके बावजूद न ही सरकार ने जिम्मेदारी ली और न ही किसी जिम्मेदार पर कोई कार्रवाई की।
उन्होंने कहा कि आज जब कांग्रेस उन छात्रों के हक के लिए लड़ रही है तो सरकार उन पर लाठियां बरसा रही है। जो सरकार छात्रों के सवालों का जवाब लाठी से देती है वो जवाबदेही से नहीं, डर से चलती है। इससे कांग्रेस डरने वाली नहीं है। जब तक शिक्षा मंत्री इस्तीफा नहीं देंगे, उनकी पार्टी रुकेगी नहीं।
उल्लेखनीय है कि नीट प्रश्नपत्र लीक मामले में राजस्थान कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता आज प्रदर्शन करते हुए भाजपा मुख्यालय के घेराव की कोशिश कर रहे थे लेकिन पुलिस ने उन्हें बीच रास्ते में ही रोक दिया। इसके बाद स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने इन प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और बल प्रयोग भी किया।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर