Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

यदि युवा सही दिशा में आगे बढ़ेगा तो समाज और राष्ट्र दोनों मजबूत बनेंगेहिसार, 21 मई (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने जिले के युवाओं एवं आमजन से नशे जैसी घातक सामाजिक बुराई से दूर रहने की विशेष अपील करते हुए कहा है कि नशा केवल एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार, समाज और आने वाली पीढ़ियों को प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि आज का युवा देश की सबसे बड़ी ताकत है और यदि युवा सही दिशा में आगे बढ़ेगा तो समाज और राष्ट्र दोनों मजबूत बनेंगे।पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने गुरुवार काे कहा कि कुछ पल की गलत संगति और गलत आदतें युवाओं के सपनों, कैरियर और परिवार की खुशियों को बर्बाद कर सकती हैं। नशा शरीर को कमजोर करता है, मानसिक संतुलन बिगाड़ता है और व्यक्ति को अपराध व अंधकार की ओर धकेल देता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने जीवन का लक्ष्य तय करें, खेलों, शिक्षा, सामाजिक कार्यों और सकारात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लें तथा अपने मित्रों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि पुलिस नशा तस्करों और अवैध नशे के कारोबार में शामिल अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चला रही है। जिले में नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान, स्कूल-कॉलेजों में सेमिनार तथा गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करने का कार्य भी निरंतर किया जा रहा है।पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों के साथ संवाद बनाए रखें, उनकी गतिविधियों पर ध्यान दें और उन्हें अच्छे संस्कार एवं सकारात्मक वातावरण प्रदान करें। उन्होंने कहा कि समाज और पुलिस मिलकर ही नशा मुक्त हिसार का सपना साकार कर सकते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर