Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

हरिद्वार, 20 मई (हि.स.)। सिडकुल हरिद्वार क्षेत्र में श्रमिकों और प्रशासन के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने की दिशा में श्रम विभाग द्वारा एक सराहनीय पहल की गई। सहायक श्रम आयुक्त प्रशान्त कुमार ने श्रम प्रवर्तन अधिकारी श्रीमती मीनाक्षी भट्ट एवं अनिल कुमार पुरोहित के साथ सिडकुल स्थित एक औद्योगिक कंपनी की कैन्टीन में श्रमिकों के साथ बैठकर भोजन किया। इस दौरान अधिकारियों ने श्रमिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना और भोजन की गुणवत्ता का भी निरीक्षण किया।
सहायक श्रम आयुक्त प्रशान्त कुमार ने बताया कि यह पहल जिलाधिकारी हरिद्वार, श्रम आयुक्त एवं उप श्रम आयुक्त हरिद्वार के निर्देशों के अनुपालन में की गई है। कार्यक्रम का उद्देश्य श्रमिकों के साथ विश्वासपूर्ण वातावरण तैयार करना, उनकी समस्याओं को प्रत्यक्ष रूप से समझना तथा औद्योगिक इकाइयों में उपलब्ध सुविधाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन करना है।
भोजन के दौरान श्रमिकों ने अपनी कार्यस्थल संबंधी समस्याएं, वेतन, सुविधाओं और अन्य मुद्दों पर अधिकारियों के साथ खुलकर चर्चा की। अधिकारियों ने श्रमिकों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का नियमानुसार समाधान कराया जाएगा और श्रमिक हितों की अनदेखी नहीं होने दी जाएगी।
प्रशान्त कुमार ने कहा कि भविष्य में भी चरणबद्ध तरीके से सिडकुल स्थित विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों में आकस्मिक निरीक्षण किए जाएंगे। इन निरीक्षणों के दौरान श्रमिकों के साथ कैन्टीन में भोजन कर संवाद स्थापित किया जाएगा तथा भोजन की गुणवत्ता और श्रमिक सुविधाओं का जायजा लिया जाएगा।
उन्होंने श्रमिक भाइयों और बहनों से अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। यदि वेतन अथवा अन्य किसी समस्या से संबंधित शिकायत हो तो उसे लिखित रूप में श्रम कार्यालय रोशनाबाद में प्रस्तुत करें, ताकि उस पर समयबद्ध कार्रवाई की जा सके।
श्रम विभाग ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में सिडकुल हरिद्वार क्षेत्र में औद्योगिक शांति पूरी तरह कायम है और सभी औद्योगिक प्रतिष्ठानों में उत्पादन कार्य सामान्य रूप से सुचारू ढंग से संचालित हो रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला