Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सीवान, 20 मई (हि.स.)।
पचरुखी थाना क्षेत्र के मल्लुपुर गांव में घर में घुसकर चोरी करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से चोरी किए गए 503 ग्राम चांदी के आभूषण भी बरामद किए गए हैं। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
जानकारी के अनुसार 3 मई 2026 को मल्लुपुर गांव निवासी ताराचंद विष्णु मौर्या ने पचरुखी थाना में आवेदन देकर बताया था कि अज्ञात चोरों ने उनके घर में घुसकर ज्वेलरी की चोरी कर ली है। मामले में पचरुखी थाना में बीएनएस की धारा 305 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
तकनीकी अनुसंधान एवं गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नारायणपुर नहर पुल के समीप से तीन अप्राथमिकी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मल्लुपुर गांव निवासी आर्यन कुमार, पिता जयराम राम, सन्नी कुमार, पिता रामबहादुर सिंह एवं अभिषेक कुमार, पिता हरेंद्र प्रसाद के रूप में हुई है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी की गई 503 ग्राम चांदी की ज्वेलरी बरामद की है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस का कहना है कि गिरोह में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
इस कार्रवाई में पचरुखी थाना अध्यक्ष पु.अ.नि. प्रमोद कुमार एवं थाना के अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma