Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सोलन, 20 मई (हि.स.)। देशभर में ऑनलाइन दवाओं की बिक्री के विरोध में मंगलवार को केमिस्ट्स और ड्रगिस्ट्स ने एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल की। इस आह्वान के तहत जिला सोलन में भी तमाम मेडिकल स्टोर पूरे दिन बंद रहे।
जिले भर के दवा विक्रेताओं ने अपनी दुकानें बंद रखकर आंदोलन का समर्थन किया। क्षेत्रीय अस्पताल सोलन के आसपास स्थित सभी मेडिकल स्टोर बंद रहने के कारण दूरदराज से आए मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
यह हड़ताल ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स तथा एचपीएससीडीए राज्य केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन के आह्वान पर की गई। केमिस्ट्स ने अवैध ऑनलाइन दवा बिक्री, बिना डॉक्टर की पर्ची दवाएं उपलब्ध कराने और ऑनलाइन कंपनियों द्वारा भारी छूट देने की नीति के खिलाफ विरोध जताया।
इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम प्रशासन के माध्यम से ज्ञापन भेजा गया। ज्ञापन में ऑनलाइन दवा बिक्री पर सख्त नियम लागू करने और छोटे केमिस्ट्स के हितों की रक्षा करने की मांग उठाई गई।
जिला केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष वीरेंद्र सूद ने कहा कि दवाएं कोई सामान्य वस्तु नहीं हैं और बिना उचित जांच के ऑनलाइन दवाओं की बिक्री लोगों की सेहत के लिए खतरा बन सकती है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन कंपनियों की भारी छूट से छोटे मेडिकल स्टोरों का कारोबार प्रभावित हो रहा है।
एसोसिएशन के महासचिव विपुल शर्मा ने कहा कि कोरोना काल में केमिस्ट्स ने लोगों तक लगातार दवाएं पहुंचाईं, लेकिन ऑनलाइन दवा बिक्री को लेकर लगातार शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
ज्ञापन में जीएसआर 817 (ई) और जीएसआर 220 (ई) को वापस लेने की मांग भी की गई है। एसोसिएशन का कहना है कि इन नियमों का दुरुपयोग कर ऑनलाइन प्लेटफॉर्म तेजी से दवाओं की होम डिलीवरी कर रहे हैं।
केमिस्ट्स ने सरकार से मरीजों की सुरक्षा और छोटे लाइसेंसधारी मेडिकल स्टोरों के हितों की रक्षा के लिए जल्द सख्त कदम उठाने की मांग की है। एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / संदीप शर्मा