Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

धर्मशाला, 20 मई (हि.स.)। नशीले पदार्थों के अवैध नेटवर्क के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए नूरपुर पुलिस ने बुधवार को एक नशा आरोपी के मकान को ध्वस्त कर दिया। यह मकान आरोपी ने सरकारी भूमि पर अवैध रूप से बनाया था तथा इसके निर्माण में नशे के कारोबार से की गई काली कमाई का इस्तेमाल किया गया था। मकान की कीमत करीब 50 लाख बताई गई है। यह कार्रवाई प्रदेश सरकार के कड़े निर्देशों के अनुपालन में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अमल में लाई गई है।
पुलिस थाना नूरपुर में आरोपी बंटी के खिलाफ दर्ज मामले में यह कार्रवाई की गई है। जांच में सामने आया था कि आरोपी ने यह संपत्ति कथित तौर पर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी की कमाई से अर्जित की थी। राजस्व विभाग द्वारा की गई निशानदेही में यह स्पष्ट होने के बाद कि उक्त ढांचा सरकारी भूमि पर कब्जा करके बनाया गया था, उचित कानूनी प्रक्रिया के तहत आज इसे ध्वस्त कर दिया गया।
एक सप्ताह के भीतर यह दूसरी बड़ी कार्रवाई
नशीले पदार्थों से जुड़ी अवैध गतिविधियों में एक सप्ताह के भीतर यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले बीते 14 मई को डमटाल के रहने वाले सुखदेव सिंह का मकान भी इसी तरह ध्वस्त किया गया था।
एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने बताया कि यह पहल हाल ही में राज्य स्तरीय एनकॉर्ड बैठक के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा नशा तस्करी और उससे जुड़ी अवैध संपत्तियों के खिलाफ सख्त और निर्णायक कदम उठाने के लिए दिए गए निर्देशों के बिल्कुल अनुरूप है।
उन्होंने बताया कि पुलिस जिला नूरपुर नशे के सौदागरों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह की सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रखने और समाज को नशामुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया