Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जशपुर, 20 मई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक सनकी युवक ने महज एक घंटे के भीतर चाकूबाजी और हत्या जैसी दो बड़ी वारदातों को अंजाम देकर सनसनी फैला दी। सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपित को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपित की पहचान 20 वर्षीय सचिन राम, निवासी भागलपुर बरटोली के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू और मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। दिल दहला देने वाली यह पूरी घटना ग्राम कोमडो और भागलपुर बरटोली क्षेत्र की है, जिसके बाद से इलाके में दहशत का माहौल है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पहली घटना 17 मई की दोपहर करीब 1:30 बजे की है। आरोपित सचिन राम ने अपने दोस्त सूरज रजक (22 वर्ष) को शराब पीने के बहाने अपनी मोटरसाइकिल पर बिठाया और ग्राम कोमडो ले गया। वहाँ एक मंदिर के पास पहुँचकर आरोपित ने अचानक अजीब हरकतें शुरू कर दीं। उसने सूरज से कहा कि उसका लड़ने का मन कर रहा है और गाली-गलौज करते हुए अपने पास रखे चाकू से सूरज की पीठ और माथे पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। इस जानलेवा हमले के दौरान पीड़ित सूरज ने हिम्मत दिखाते हुए चाकू छीनने का प्रयास किया, जिससे चाकू का आधा हिस्सा टूट गया। अपनी जान बचाने के लिए सूरज पास के एक मंदिर में छिप गया, जिसके बाद आरोपित वहाँ से फरार हो गया।
इस वारदात के ठीक एक घंटे बाद, दोपहर करीब 2:30 बजे आरोपित सचिन राम ने दूसरी खौफनाक घटना को अंजाम दिया। भागलपुर बरटोली का रहने वाला 15 वर्षीय नाबालिग कृष्णा भगत जब बाकी नाला (धोबी घाट) की ओर नहाने जा रहा था, तब रास्ते में आरोपित ने उसे रोक लिया। बिना किसी वजह और पुरानी रंजिश के, आरोपित ने मासूम कृष्णा को जमीन पर पटक दिया और उसे लात-घूंसों व मुक्कों से बेदम पीटना शुरू कर दिया। आरोपित ने उसके गले, चेहरे और कनपटी पर इतने गंभीर प्रहार किए कि वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। परिजनों द्वारा गंभीर हालत में उसे तुरंत शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शराब और सनक के नशे में चूर आरोपित दोनों वारदातों के बाद से फरार था। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुँचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया, मृतक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया और घायल सूरज रजक का डॉक्टरी मुलाहिजा कराकर उसका उपचार शुरू करवाया। इसी बीच पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपित भागलपुर क्षेत्र में ही कहीं छिपा हुआ है।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी की और आरोपित सचिन राम को धर दबोचा। कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपित ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ हत्या, जानलेवा हमला और गाली-गलौज का अपराध पंजीबद्ध किया है। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बुधवार को आरोपित को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह