Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पश्चिम बर्दवान, 20 मई (हि. स.)। जिले के सलानपुर थाना क्षेत्र के फूलबेड़िया हनुमान मंदिर ट्रांसपोर्ट रोड इलाके में बुधवार सुबह एक सड़क हादसे में साइकिल सवार की मौत हो गई। मृतक की पहचान मंगल बाउरी (35) के रूप में हुई है। मृतक जेमारी गांव के निवासी थे, लेकिन घर जमाई के रूप में फूलबेड़िया गांव में रह रहे थे। परिवार में उनकी पत्नी और दो बच्चे हैं। हादसे के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया और स्थानीय लोगों ने शव को सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, सुबह करीब साढ़े आठ बजे की एक हाइड्रा गाड़ी ने मंगल बाउरी को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
बताया गया है कि वह रोज की तरह बुधवार सुबह भी साइकिल से एक निजी कारखाने में काम पर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में साइकिल खराब होने पर वह वापस घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने हाइड्रा वाहन को रोक लिया और शव को सड़क पर रखकर मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना पाकर सलानपुर थाना की पुलिस और केंद्रीय बल मौके पर पहुंच गए और स्थिति को नियंत्रित किया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस इलाके में पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। उनका कहना है कि ईसीएल की लापरवाही और सुरक्षा व्यवस्था की कमी के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं। यह भी आरोप लगाया कि कई डंपर और भारी वाहन प्रशिक्षित चालकों की जगह खलासी चला रहे हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ रहा है।
इस मामले पर ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा