Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नैनीताल, 20 मई (हि.स.)। नैनीताल के मल्लीताल क्षेत्र में बुधवार को एक ई-रिक्शा दुर्घटनाग्रस्त होकर पलट गया, जिससे ईरिक्शा में सवार चार पर्यटक मामूली तौर पर घायल हो गए। काफी भीड़भाड़ के बीच हुई घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिये अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर स्थानीय लोग और पुलिसकर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ई-रिक्शा तल्लीताल से यात्रियों को लेकर मल्लीताल की ओर आ रहा था। मल्लीताल ई-रिक्शा स्टैंड के समीप सड़क पार करते समय चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे ई-रिक्शा बीच सड़क पर पलट गया।
दुर्घटना में घायल पर्यटक रिक्शे के नीचे फंस गए थे, जिन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की सहायता से सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी घायलों को उपचार के लिए बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी