Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

-सभी प्रमुख मार्गों पर हैं वाटर कूलर व शीतल जल के इंतजाम
-अकेले 13 किमी वाले रामपथ पर लगे हैं 18 स्मार्ट वाटर कियोस्क
अयोध्या, 20 मई (हि.स.)। योगी आदित्यनाथ सरकार के नेतृत्व में अयोध्या को विश्व स्तरीय पर्यटन और श्रद्धालु सुविधा केंद्र बनाने की दिशा में निरंतर कार्य हो रहा है। इसी क्रम में नगर निगम अयोध्या के जलकल विभाग ने मुख्य मार्गों पर पेयजल आपूर्ति को और मजबूत किया है। नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने बताया कि शीतल पेयजल, स्मार्ट वाटर कियोस्क, वाटर कूलर और टैंक टाइप स्टैंड पोस्ट (टीटीएसपी) की व्यापक व्यवस्था की गई है, जिससे रामनगरी आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों को गर्मी में राहत मिलेगी। रामपथ मुख्य मार्ग (सहादतगंज से लता चौक तक) इस मार्ग पर पेयजल पाइपलाइन और घरेलू संयोजन सुचारू रूप से चल रहे हैं। शीतल जल व्यवस्था के लिए 18 स्मार्ट वाटर कियोस्क, 3 वाटर कियोस्क, 19 वाटर कूलर और 10 टीटीएसपी स्थापित किए गए हैं। स्मार्ट कियोस्क सहादतगंज हनुमान गढ़ी, सर्किट हाउस, जिला अस्पताल, गुदड़ी बाजार, अमानीगंज, उदया चौराहा, साकेत महाविद्यालय समेत 18 प्रमुख स्थानों पर उपलब्ध हैं। वाटर कूलर कचहरी, जिला अस्पताल, हनुमान गढ़ी चौराहा, लता चौक सहित 19 जगहों पर लगाए गए हैं। धर्मपथ मुख्य मार्ग (लता चौक से गोरखपुर अंडरपास तक) यहां 15 वाटर कियोस्क, 5 टीटीएसपी और 3 वाटर कूलर की व्यवस्था की गई है। रामेश्वरम होटल, रामकथा संग्रहालय, हनुमान गुफा, रामघाट हॉल्ट आदि महत्वपूर्ण स्थानों पर ये सुविधाएं उपलब्ध हैं।
नेशनल हाईवे-27 (सहादतगंज से गोरखपुर अंडरपास तक) इस मार्ग पर 5 वाटर कियोस्क, 1 स्मार्ट वाटर कियोस्क, 1 वाटर कूलर और 1 टीटीएसपी स्थापित किए गए हैं। देवकाली अंडरपास, नाका अंडरपास, साकेत अंडरपास आदि जगहों पर जल सुविधा सुनिश्चित की गई है।
विभाग के पास हैं 46 टैंकर
विभाग के पास 46 पेयजल टैंकर उपलब्ध हैं, जो आवश्यकता अनुसार विभिन्न क्षेत्रों में तैनात किए जाते हैं। अक्सर विभाग की ओर से सार्वजनिक स्थलों पर इन्हें लगाया भी जाता है।
निखरेगी रामनगरी की छवि
योगी सरकार के विजन के अनुरूप अयोध्या में पेयजल की यह व्यवस्था न केवल स्थानीय निवासियों बल्कि आने वाले करोड़ों राम भक्तों के लिए बड़ी राहत साबित होगी। स्वच्छ और शीतल पानी की उपलब्धता से रामनगरी की छवि और निखरेगी।
श्रद्धालुओं को भीषण गर्मी से बचाने के लिए नगर निगम ने हनुमानगढ़ी पर लगवाया टेंट
रामनगरी आने वाले श्रद्धालुओं को भीषण गर्मी से बचाने के लिए नगर निगम ने हनुमानगढ़ी पर टेंट लगवाया है। नगर आयुक्त श्री जयेंद्र कुमार ने बताया कि गर्मी के दौरान हनुमानगढ़ी पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए अयोध्याधाम के जोनल अधिकारी ने छाया की व्यवस्था किए जाने की संस्तुति की थी। ये टेंट लगाए गए हैं। इससे हनुमानगढ़ी दर्शन-पूजन के लिए आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को काफी राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि अयोध्या नगर में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए स्प्रिंकलर मशीन से पानी का छिड़काव लगातार कराया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय