Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सूरत/नई दिल्ली, 12 मई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के देशवासियों से ईंधन बचाने और सादगी अपनाने की अपील के बाद केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने प्रेरणादायक फैसला लिया है।
केंद्रीय मंत्री पाटिल ने घोषणा की है कि जब तक हालात सामान्य नहीं हो जाते, तब तक वे किसी भी सरकारी या निजी कार्यक्रम में पायलट और एस्कॉर्ट गाड़ियों का उपयोग नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि देशहित में पेट्रोल और डीजल की बचत करना आज समय की जरूरत है। केंद्रीय मंत्री ने इस निर्णय को तुरंत प्रभाव से लागू भी कर दिया है। मंगलवार को वे अपने तय कार्यक्रमों में बिना पायलट और एस्कॉर्ट गाड़ियों के ही पहुंचे।
मंत्री पाटिल ने कहा कि जब देश और दुनिया ईंधन संकट जैसी परिस्थितियों का सामना कर रहे हों, तब जिम्मेदार नागरिक और जनप्रतिनिधि के रूप में संसाधनों की बचत करना सभी का कर्तव्य बनता है। उन्होंने लोगों से भी अनावश्यक ईंधन खर्च से बचने की अपील की।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हमेशा जनभागीदारी और जिम्मेदारी का संदेश देते रहे हैं। ‘जल शक्ति’ और ‘कैच द रेन’ जैसे अभियानों की तरह अब ईंधन बचत का संदेश भी लोगों तक पहुंचाना जरूरी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे