Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बेंगलुरु, 12 मई (हि.स.)। केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि राज्य सरकार अपनी प्रशासनिक विफलताओं को सुधारने के बजाय “विपक्ष की निंदा” में समय बर्बाद कर रही है।
केंद्रीय मंत्री जोशी ने मंगलवार काे एक बयान जारी कर कहा कि कांग्रेस सरकार केवल महंगाई, तुष्टिकरण और आंतरिक राजनीतिक खींचतान में उलझी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सिद्धारमैया प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के भाषणों की आलोचना कर रहे हैं, जबकि उन्हें पहले अपने शासन की कमियों और प्रशासनिक विफलताओं का जवाब देना चाहिए। केंद्रीय मंत्री ने दावा किया कि कांग्रेस सरकार ने “गैरंटी योजनाओं” के नाम पर राज्य को भारी कर्ज में डुबो दिया है और विकास कार्य लगभग ठप पड़ गए हैं। उनके अनुसार, राज्य में सड़कें खराब स्थिति में हैं, ठेकेदारों के भुगतान लंबित हैं और आम जनता पर लगातार महंगाई का बोझ बढ़ रहा है।
जोशी ने यह भी कहा कि सिद्धारमैया खुद को “आर्थिक विशेषज्ञ” बताते हैं, लेकिन उनके कार्यकाल में कर्नाटक की आर्थिक स्थिति बिगड़ी है और राजस्व घाटा बढ़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में प्रशासनिक अस्थिरता और सत्ता संघर्ष के कारण विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार के नेतृत्व में भारत की अर्थव्यवस्था ने वैश्विक स्तर पर मजबूती हासिल की है, जबकि कर्नाटक सरकार “प्रचार और विज्ञापनों” तक सीमित रह गई है। केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस नेतृत्व पर यह भी आरोप लगाया कि वह अपने सहयोगी दलों और राजनीतिक जनादेश के साथ न्याय नहीं कर पा रही है और विपक्ष पर अनावश्यक आरोप लगाकर वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटका रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश महादेवप्पा