Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नई दिल्ली, 12 मई (हि.स.)। अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज ने ठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ की मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में सरकारी गवाह बनने की अनुमति देने की मांग करने वाली याचिका पटियाला हाउस कोर्ट से वापस ले ली है।
इसके पहले प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने जैकलीन फर्नांडीज की सरकारी गवाह बनने की अनुमति देने की मांग का विरोध किया था। ईडी ने अपने जवाब में कहा था कि जैकलीन सुकेश चंद्रशेखर के आपराधिक इतिहास को जानने के बावजूद उसके संपर्क में है। ईडी ने अपने जवाब में कहा था कि जैकलीन कई तरीकों से सुकेश चंद्रशेखर के संपर्क में रहती है। ईडी के मुताबिक जैकलीन अपराध के धन का उपयोग अपने और अपने परिवार के सदस्यों पर करती हैं। इसका साफ मतलब है कि वो मनी लॉन्ड्रिंग में सक्रिय भागीदार है।
कोर्ट ने 17 अप्रैल को जैकलीन की इस अर्जी पर ईडी को नोटिस जारी किया था। जैकलीन ने ईडी के केस को निरस्त करने की मांग करते हुए दिल्ली उच्च न्यायालय में याचिका दायर की थी। दिल्ली उच्च न्यायालय ने जैकलीन की याचिका खारिज कर दी थी। उच्चतम न्यायालय ने भी उच्च न्यायालय के आदेश पर मुहर लगाते हुए जैकलीन की याचिका खारिज की थी।
इस मामले में जैकलीन फर्नांडीज जमानत पर हैं। पटियाला हाउस कोर्ट ने 15 नवंबर, 2022 को जैकलीन को जमानत दी थी। 31 अगस्त, 2022 को कोर्ट ने जैकलीन के विरूद्ध दायर पूरक चार्जशीट पर संज्ञान लिया था। 17 अगस्त, 2022 को ईडी ने पूरक चार्जशीट दाखिल की थी। ईडी ने पूरक चार्जशीट में जैकलीन को आरोपित बनाया था। ईडी अप्रैल, 2025 में इस मामले में जैकलीन की सात करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त कर चुकी है।
ईडी की चार्जशीट के मुताबिक इस मामले के मुख्य आरोपित सुकेश चंद्रशेखर ने पांच करोड़ 71 लाख रुपये से ज्यादा के गिफ्ट दिए थे। सुकेश अपनी सहयोगी पिंकी ईरानी के जरिए जैकलीन को गिफ्ट पहुंचाने का काम करता था। इन गिफ्टों में 52 लाख रुपये का घोड़ा और 9 लाख रुपये की एक पारसी बिल्ली भी शामिल है।
जैकलीन ने दिल्ली उच्च न्यायालय में याचिका दायर कर अपने खिलाफ दायर एफआईआर को निरस्त करने की मांग की है। ये याचिका उच्च न्यायालय में लंबित है। जैकलीन ने उच्च न्यायालय में याचिका दायर कर कहा है कि उसके खिलाफ लगाए गए सभी आरोप झूठे हैं। जैकलीन ने कहा है कि सुकेश चंद्रशेखर ने तो उसके साथ फर्जीवाड़ा किया ही, साथ ही अदिति सिंह ने भी फर्जीवाड़ा किया। जैकलीन ने कहा है कि उसे सुकेश चंद्रशेखर ने टारगेट किया और उसका मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कोई हाथ नहीं है। जैकलीन ने सुकेश के उस दावे को खारिज किया है कि वो उसके साथ रिलेशनशिप में हैं।
हिन्दुस्थान समाचार/संजय
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह