Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नई दिल्ली, 12 मई (हि.स.)। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने नीट-यूजी 2026 परीक्षा में कथित प्रश्नपत्र लीक और अनियमितताओं के मामले में प्राथमिकी दर्ज की है। यह कार्रवाई शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग से प्राप्त लिखित शिकायत के आधार पर की गई है।
सीबीआई ने मंगलवार को जारी बयान में कहा कि मामला भारतीय न्याय संहिता के तहत आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात, चोरी और साक्ष्य नष्ट करने से संबंधित धाराओं में दर्ज किया गया है। इसके अलावा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम तथा सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम-2024 के तहत भी प्रकरण दर्ज किया गया है।
जांच एजेंसी के अनुसार राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने 03 मई को नीट-यूजी परीक्षा आयोजित की थी। शिकायत में कहा गया कि परीक्षा से पहले नीट-यूजी 2026 से जुड़े कुछ दस्तावेजों के अनधिकृत रूप से प्रसारित होने की सूचना और शिकायत एनटीए को प्राप्त हुई थी।
सीबीआई ने कहा कि आरोप परीक्षा प्रक्रिया की पवित्रता और विश्वसनीयता से समझौते की आशंका को दर्शाते हैं। एजेंसी ने मामले की व्यापक जांच शुरू कर दी है ताकि कथित अनियमितताओं की प्रकृति और दायरे के साथ इसमें शामिल व्यक्तियों एवं संस्थाओं की भूमिका का पता लगाया जा सके।
सीबीआई के अनुसार मामले की जांच के लिए विशेष टीमें गठित कर विभिन्न स्थानों पर भेजी गई हैं। एजेंसी ने कहा कि मामले में दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर