Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नई दिल्ली, 12 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने भगवंत मान सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पंजाब में भ्रष्टाचार की जड़ें इतनी गहरी हो चुकी हैं कि अब जांच की आंच सीधे विजिलेंस मुख्यालय तक पहुंच गई है। चुघ ने कहा कि सीबीआई द्वारा पंजाब विजिलेंस ब्यूरो के मुख्यालय को सील करना इस बात का प्रमाण है कि मान सरकार भ्रष्टाचार में गले तक डूबी हुई है।
चुघ ने मंगलवार को पत्रकारों से कहा कि पहले ईडी ने एक वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री को मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में गिरफ्तार किया था, जिससे पंजाब का सिर शर्म से झुक गया था। चुग ने आरोप लगाया कि केजरीवाल और मान की जोड़ी ने पंजाब को भ्रष्टाचार की मंडी बना दिया है। राज्य में आम आदमी पार्टी (आआपा) संरक्षित माफिया और गैंगस्टर सरेआम लूट मचा रहे हैं। केजरीवाल ने पंजाब को अपना 'एटीएम' बना लिया है, जहां सरकारी खजाने को लूटकर निजी तिजोरियां भरी जा रही हैं।
चुघ ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई का मान सरकार का दावा महज एक छलावा है। आआपा विधायकों ने अपने घरों में टॉर्चर सेंटर बना रखे हैं, जहां अधिकारियों और आम जनता को प्रताड़ित किया जाता है। अमृतसर में एक वरिष्ठ अधिकारी द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना इसी मानसिक प्रताड़ना का नतीजा थी।
चुघ ने हालिया घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि नगर निगमों में अनुबंध के आधार पर होने वाली भर्तियों में आआपा विधायकों के करीबियों द्वारा लाखों की वसूली की जा रही है।
उन्होंने कहा कि
पटियाला में भगवंत मान के चहेते डीआईजी की सीबीआई द्वारा गिरफ्तारी ने खाकी और खादी के उस नापाक गठजोड़ को बेनकाब किया है, जो पंजाब को लूटने में लगा है। चुघ ने पंजाब की जनता से आह्वान किया कि वे केजरीवाल-मान जोड़ी के इन राष्ट्र-विरोधी और असामाजिक मंसूबों को समझें। अब समय आ गया है कि पंजाब के लोग इस भ्रष्ट तंत्र के खिलाफ आवाज बुलंद करें और प्रदेश को बचाने के लिए आगे आएं।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी