Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

गुवाहाटी, 12 मई (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत 13 मई को असम पहुंचेंगे। बुधवार शाम को गुवाहाटी के बोरझार स्थित लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से डॉ. मोहन भागवत सीधे होजाई के लिए रवाना होंगे। इसकी जानकारी आज आरएसएस के उत्तर असम प्रांत के प्रचार प्रमुख किशोर शिवम ने दी है।
होज़ाई के संस्कार मंदिर परियोजना परिसर में 11 मई से 1 जून तक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता विकास वर्ग- एक (दूसरे वर्ष) प्रशिक्षण शिविर प्रारंभ हुआ है। 14, 15 और 16 मई को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता विकास वर्ग- एक के प्रशिक्षण शिविर में डॉ. मोहन भागवत तीन दिन उपस्थित रहेंगे और 17 मई की सुबह गुवाहाटी लौट आएंगे।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रशिक्षण वर्ग में सरसंघचालक के नियमित प्रवास का यह विशेष हिस्सा है। किशोर शिवम ने बताया कि होजाई के प्रशिक्षण प्रवास को पूरा करते हुए डॉ. मोहन भागवत 17 मई को गुवाहाटी के बरबरी स्थित सुदर्शनालय में कुछ समय रुकने के बाद नागपुर की ओर प्रस्थान करेंगे।
उल्लेखनीय है कि होजाई के संस्कार मंदिर परियोजना परिसर में 11 मई से शुरू हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता विकास वर्ग-एक के 20 दिन के प्रशिक्षण शिविर का समापन 1 जून को होगा।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के असम क्षेत्र द्वारा संचालित उक्त प्रशिक्षण में संघ शिक्षा वर्ग का प्रशिक्षण लेने वाले स्वयंसेवक ही कार्यकर्ता विकास वर्ग -एक के प्रशिक्षण में भाग ले सकते हैं। प्रशिक्षण में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के असम क्षेत्र के उत्तर असम, दक्षिण असम, त्रिपुरा, मणिपुर और अरुणाचल सहित पांच प्रांतों के कुल 103 स्वयंसेवक हिस्सा ले रहे हैं। असम क्षेत्र के अंतर्गत उत्तर असम प्रांत के 56, त्रिपुरा प्रांत के 20, मणिपुर प्रांत के 13, दक्षिण असम प्रांत के 8 और अरुणाचल प्रांत के 6 स्वयंसेवक प्रशिक्षण में भाग ले रहे हैं।-------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय